बच्चे के इलाज कराने के नाम पर क्लीनिक संचालिका से लेता था रकम सकरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई आरोपी गिरफ्तार…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर थाना सकरी पुलिस ने फर्जी यूपीआई ट्रांजेक्शन दिखाकर रकम हड़पने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामला अपराध क्रमांक 678/2025 धारा 318(4) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी सुधीर बरामते पिता स्व. रामधर बरामते, उम्र 27 वर्ष, निवासी दलदलिहापारा थाना सकरी जिला बिलासपुर ने सकरी क्षेत्र में संचालित अंबिका क्लीनिक की संचालिका सुमन शुक्ला से अलग–अलग किश्तों में कुल 15 हजार रुपये की ठगी की। आरोपी अपने बच्चे का इलाज कराने क्लीनिक आता था, जिससे उसकी जान-पहचान हो गई थी।
दिनांक 9 सितंबर 2025 से 17 सितंबर 2025 के बीच आरोपी ने इलाज और दवाइयों के नाम पर कई बार रकम ली और फर्जी भुगतान एप के जरिए ट्रांजेक्शन होने का झूठा स्क्रीन दिखाकर प्रार्थिया को भ्रमित करता रहा। व्यस्तता के चलते पीड़िता तत्काल खाते की जांच नहीं कर पाई। बाद में बैंक जाकर ट्रांजेक्शन निकलवाने पर पता चला कि खाते में कोई राशि जमा ही नहीं हुई है।
19 सितंबर को जब आरोपी दोबारा रुपये मांगने क्लीनिक पहुंचा और उससे भुगतान को लेकर पूछताछ की गई तो वह बहाने बनाकर चला गया। इसके बाद पीड़िता की शिकायत पर थाना सकरी में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में निरीक्षक विजय चौधरी, थाना प्रभारी सकरी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुधीर बरामते को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

