चोरी का पर्दाफाश 4 आरोपी 2 नाबालिक सहित 3 खरीदार गिरफ्तार…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
एनटीपीसी सीपत क्षेत्र के राखड़ डेम स्थित फ्लाई ऐश कांटा घर के कंटेनरों में हुई बड़ी चोरी का सीपत पुलिस ने तेज़ी से खुलासा करते हुए चोरों की “खरीद-फरोख्त योजना” पर पूरी तरह पानी फेर दिया। पुलिस ने 4 आरोपियों, 2 विधि से संघर्षरत बालकों तथा चोरी का माल खरीदने वाले 3 लोगों को गिरफ्तार कर करीब 4.33 लाख रुपये की पूरी संपत्ति बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी अनंत कुमार वाष्णेय, अपर महाप्रबंधक (ऐश मैनेजमेंट विभाग), एनटीपीसी सीपत ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम कौड़िया के समीप स्थित दो कंटेनर घरों के ताले तोड़कर अज्ञात चोर एसी, इन्वर्टर, कंप्यूटर, प्रिंटर समेत अन्य सामान ले गए हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी सीपत ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर जांजी क्षेत्र से संदिग्ध विष्णू सोनकर को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों—अमन खरे, गुलशन कुमार बंजारे, यश कुमार डोंगरे और दो अपचारी बालकों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आगे की कार्रवाई में तीन खरीदारों कृष्ण कुमार, गौतम खांडे और ईश्वर पटेल से भी चोरी का सामान बरामद किया गया।

बरामद सामग्री में एयर कंडीशनर 2 नग, बैट्री सहित इन्वर्टर 2 नग, डिस्प्ले यूनिट 3 नग, कंप्यूटर सेट 2 नग, प्रिंटर 1 नग, कुर्सी 2 नग, टेबल 1 नग शामिल हैं।
चारों मुख्य आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि दो अपचारी बालकों को किशोर न्याय बोर्ड, बिलासपुर के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई और शत-प्रतिशत बरामदगी पर टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

इस कार्रवाई में सउनि धर्मेंद्र यादव, प्रआर 1032 मनहरण सिंह, आरक्षक 1359 शरद साहू, 809 रामसनेही साहू, 827 प्रकाश जगत एवं 1129 नितिश कश्यप की सराहनीय भूमिका रही।
संदेश साफ हैअब चोरी करेंगे तो तौल भी पुलिस ही करेगी… और पहुँचाएगी सीधे जेल !

