अब बिलासपुर में नई बीट प्रणाली से 24×7 मुस्तैद रहेगी पुलिस…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर जिले में पुलिसिंग को और अधिक विजिबल, सक्रिय व प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में नवीन बीट प्रणाली की शुरुआत की गई है। इस नई व्यवस्था के तहत शहरी क्षेत्रों में प्रत्येक बीट में तीन शिफ्टों में 24×7 घंटे ड्यूटी लगाई गई है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में 8–8 घंटे की दो शिफ्टों में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। बेहतर संचालन के लिए विस्तृत SOP भी तैयार की गई है।
इसी व्यवस्था के क्रियान्वयन और जमीनी आकलन के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह द्वारा आज सरकंडा, सिविल लाइन एवं कोनी क्षेत्र के विभिन्न बीटों का भ्रमण किया गया। निरीक्षण के दौरान सरकंडा क्षेत्र के बीट क्रमांक 01 नूतन चौक, बीट क्रमांक 03 चिंगराजपारा तथा बीट क्रमांक 04 मोपका में तैनात जवानों से बीट प्रणाली के उद्देश्य, गठन एवं कार्यप्रणाली को लेकर विस्तृत पूछताछ की गई।

बीट पर मौजूद जवानों ने बताया कि इस प्रणाली का मुख्य लक्ष्य थाना क्षेत्र में पुलिस की दृश्यता बढ़ाना, अपराधों की रोकथाम करना, प्रभावी कानून व्यवस्था बनाए रखना, आम जनता से समन्वय स्थापित करना, प्रारंभिक सूचनाओं का संकलन करना तथा बाहरी व्यक्तियों एवं मुसाफिरों की जानकारी रखना है। निरीक्षण में यह पाया गया कि जवान इन सभी उद्देश्यों को गंभीरता से लागू कर रहे हैं।

एसएसपी द्वारा बीट आरक्षकों के रजिस्टरों का अवलोकन किया गया तथा यह भी देखा गया कि वे लगातार क्षेत्र के नागरिकों से संपर्क कर स्थानीय समस्याओं
जैसे बदमाशी, असामाजिक तत्वों की गतिविधियां या अड्डेबाजी—की जानकारी एकत्र कर रहे हैं। जिन इलाकों में चोरी की घटनाएं हुई हैं वहां और अधिक सघन पेट्रोलिंग के निर्देश भी दिए गए।
इसके साथ ही अधिकारियों को छोटे-छोटे समूहों में लोगों के साथ बैठक कर बीट प्रणाली की जानकारी देने, पुलिस की हमेशा उपलब्धता के संदेश को आमजन तक पहुंचाने तथा वरिष्ठ अधिकारियों से नागरिकों का सीधा संवाद कराने के निर्देश दिए गए, ताकि लोगों की समस्याओं को मौके पर ही सुना और समझा जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आदर्श बीट प्रणाली के अंतर्गत जो व्यवस्थाएं होनी चाहिए, उन्हें चरणबद्ध तरीके से पूरी तरह लागू किया जा रहा है।

जैसे-जैसे बीट आरक्षकों की पहचान क्षेत्रवासियों से मजबूत होगी, वैसे-वैसे पुलिस की उपलब्धता और भरोसा भी बढ़ेगा। इससे थाना स्तर पर कार्य संचालन के साथ-साथ आम जनता के लिए पुलिस तक पहुंच और भी आसान होगी।
नई बीट व्यवस्था के जरिए बिलासपुर पुलिस ने साफ संदेश दे दिया है…
अब हर गली, हर मोहल्ले में पुलिस की पैनी नजर… और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं!

