एसएसपी भोजराम पटैल के नेतृत्व में पीड़ितों के लिए कैशलेस उपचार योजना पर हुई कार्यशाला…
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में सोमवार को सड़क दुर्घटना में घायलों को त्वरित एवं निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से iRAD एवं eDAR प्रणाली के साथ कैशलेस उपचार योजना 2025 पर विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में रायपुर से आए एनआईसी के तकनीकी डायरेक्टर अरविंद यादव तथा एसआरएम सारांश सिरके ने अधिकारियों को नई प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद पीड़ितों के इलाज में तेजी लाने के लिए iRAD, eDAR और TMS जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का उपयोग अनिवार्य रूप से किया जाना चाहिए, जिससे पुलिस, स्वास्थ्य और परिवहन विभाग के बीच बेहतर समन्वय बन सके और सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर को कम किया जा सके।

केंद्र सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा शुरू की जा रही इस योजना के तहत दुर्घटना के बाद पहले सात दिनों तक अधिकतम 1.50 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज प्रदान किया जाएगा। इसके लिए 24 घंटे के भीतर अस्पताल को सूचना देना आवश्यक होगा तथा उपचार की राशि की प्रतिपूर्ति मोटर वाहन दुर्घटना निधि (Motor Vehicle Accident Fund) से की जाएगी।

कार्यशाला में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुंगेली मयंक तिवारी, जिला परिवहन अधिकारी असीम माथुर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सुश्री शीला शाहा, जिले के समस्त खंड चिकित्सा अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी, निजी अस्पतालों के संचालक तथा पुलिस विभाग के विवेचना अधिकारी उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य आयुष्मान भारत के तहत दुर्घटना के बाद गोल्डन ऑवर में उपचार सुनिश्चित कर जान बचाना है, जिससे जिले में सड़क हादसों से होने वाली मौतों में प्रभावी कमी लाई जा सके।

