बिजली चोरी पर बड़ी कार्रवाई 370 कनेक्शन की जांच 65 पर प्रकरण दर्ज 15.60 लाख का बिल किया जारी…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर शहर संभाग नेहरूनगर क्षेत्र में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) ने बिजली चोरी के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान 370 विद्युत कनेक्शनों की जांच की गई, जिसमें 16 उपभोक्ता मीटर बायपास और डायरेक्ट हुकिंग के जरिए बिजली चोरी करते पाए गए। सभी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर कुल 15 लाख 60 हजार रुपये का आकलित बिल जारी किया गया है।
यह कार्रवाई CSPDCL बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक ए.के. अम्बष्ट के मार्गदर्शन तथा बिलासपुर नगर वृत्त के अधीक्षण अभियंता पी. श्रीनिवास राजू के नेतृत्व में की गई। कार्यपालन अभियंता बी.बी. नेताम ने अपनी टीम के साथ नेहरू नगर जोन, गोल बाजार जोन और सरकंडा जोन के विभिन्न इलाकों में छापामार कार्रवाई की।
टीम में सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता एवं तकनीकी कर्मचारियों ने अलग-अलग स्थानों पर सघन जांच कर विद्युत मीटरों की स्थिति और कनेक्शनों का परीक्षण किया। जांच में मीटर बायपास और डायरेक्ट हुकिंग जैसे मामलों का खुलासा हुआ।
कार्यपालन अभियंता बी.बी. नेताम ने बताया कि विद्युत चोरी करने वालों के खिलाफ विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मीटर या विद्युत कनेक्शन से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बिजली चोरी करते पकड़े गए लोगों में

प्रमुख नाम इस प्रकार हैं:
रघुवीर राजपूत (पुराना बस स्टैंड), किरण वैश्य (पुराना बस स्टैंड), अजय कुमार कश्यप (सलूजा विहार), गिरीश सोनी (तेलीपारा), मंजू मुरारका (श्रीकांत वर्मा मार्ग), सोनू यादव (नूतन चौक), विष्णु वंशकार (नूतन चौक), विनय कौशिक (नूतन चौक) एवं गायत्री यादव (सरकंडा)।
विद्युत वितरण कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अवैध कनेक्शन या मीटर से छेड़छाड़ से बचें और नियमित रूप से बिल का भुगतान करें, अन्यथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

