बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर होली पर्व के मद्देनज़र शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिरगिटटी पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कुल 13 आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल दाखिल कर दिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में क्षेत्र में लगातार सघन पेट्रोलिंग की गई। आगामी त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अशांति, मारपीट या विवाद की आशंका को देखते हुए असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी गई।
3 आरोपी आर्म्स एक्ट में गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों के कब्जे से 3 नग धारदार चाकू बरामद किए। इनके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिवत गिरफ्तारी की गई।
8 पुराने गिरफ्तारी वारंटी पकड़े गए

कई वर्षों से फरार चल रहे 8 गिरफ्तारी वारंटियों को भी अभियान के दौरान गिरफ्तार किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से फरार आरोपियों में हड़कंप मच गया है।
2 पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
होली के दौरान मारपीट एवं अशांति फैलाने की आशंका के मद्देनज़र 2 आरोपियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई कर उन्हें भी जेल भेजा गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान शांति भंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। क्षेत्र में आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
होली जैसे उल्लासपूर्ण पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

