होली पर सुरक्षा का रंग….! यातायात पुलिस की ऐतिहासिक मुस्तैदी 711 नशेड़ी चालकों पर हुई कड़ी कार्रवाई…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर-होली पर्व के मद्देनज़र शहर में शांति, सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस बिलासपुर ने अभूतपूर्व सख्ती दिखाई है। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और नियमों की अनदेखी करने वालों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जनवरी से अब तक 711 से अधिक शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई कर प्रकरण न्यायालय भेजे गए हैं, जहां उन पर भारी जुर्माना अधिरोपित किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के दिशा-निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यह व्यापक अभियान संचालित किया जा रहा है।
शाम 6 से रात 12 बजे तक सबसे ज्यादा हादसे यातायात पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की समीक्षा में यह तथ्य सामने आया है कि शाम 6:00 बजे से रात्रि 12:00 बजे के बीच सर्वाधिक दुर्घटनाएं होती हैं। इसी आधार पर इन घंटों में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर तेज गति, लापरवाही, नशे में ड्राइविंग, ट्रिपल सवारी, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने और गलत दिशा में वाहन संचालन जैसे मामलों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।

हेलमेट और सीट बेल्ट पर विशेष फोकस
बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के विरुद्ध नियमित कार्रवाई कर समन शुल्क वसूला जा रहा है। वहीं ITMS के माध्यम से ऑनलाइन चालानी कार्रवाई भी तेज की गई है, जिससे नियम तोड़ने वालों को तत्काल दंडित किया जा सके।

होली पर चाक-चौबंद व्यवस्था
होली के अवसर पर शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर स्टॉपर एवं विशेष चेकिंग पॉइंट लगाए गए हैं।
निम्न कृत्यों पर सख्त निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।

नशे में वाहन चलाना स्टंटिंग और हुल्लड़बाजी–
ट्रिपल सवारी मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेसर हॉर्न, हूटर का उपयोग मुखौटा या बिग लगाकर तेज रफ्तार में वाहन चलाना
अशिष्ट एवं अभद्र व्यवहार

नागरिकों से अपील…
यातायात पुलिस ने समस्त नागरिकों से अपील की है कि होली का पर्व शांति, सौहार्द और संयम के साथ मनाएं। वाहन चलाते समय सभी सुरक्षा मानकों और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। बिलासपुर में इस बार होली सिर्फ रंगों की नहीं, बल्कि सुरक्षा और अनुशासन की भी होगी। पुलिस की ऐतिहासिक मुस्तैदी के साथ।


