कारण अज्ञात सरकंडा पुलिस हर पहलू पर कर रही जांच पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा खुलासा…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर न्यायधानी बिलासपुर से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। शादी की पहली सालगिरह के कुछ ही समय बाद एक नवविवाहित जोड़े के शव पेड़ से लटके मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मामला सरकंडा थाना क्षेत्र के राधिका विहार कॉलोनी के पास का है। सुबह स्थानीय लोगों ने कॉलोनी के समीप एक पेड़ पर पति-पत्नी के शव फंदे से लटके हुए देखे। यह दृश्य देख लोगों के होश उड़ गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर घरेलू विवाद हुआ हो सकता है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
मृतक दंपति चाटीडीह क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं और उनकी शादी को अभी महज एक वर्ष ही हुआ था।

इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल है।
पुलिस ने परिजनों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।
यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि पारिवारिक संवाद और समझदारी की कितनी अहम भूमिका होती है।

