कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती तरल गर्ग (धर्मपत्नी आईजी राम गोपाल गर्ग) एवं श्रीमती निकिता अग्रवाल (धर्मपत्नी कलेक्टर संजय अग्रवाल) विशेष रूप से रही उपस्थित…

बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर अखिल भारतीय मारवाड़ी अग्रवाल महिला समिति बिलासपुर द्वारा होली के पावन अवसर पर आज अग्रसेन भवन, जूनी लाइन में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। रंग, उमंग और सौहार्द से भरे इस कार्यक्रम में समाज की लगभग 100 से 150 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती तरल गर्ग (धर्मपत्नी आईजी राम गोपाल गर्ग) एवं श्रीमती निकिता अग्रवाल (धर्मपत्नी कलेक्टर संजय अग्रवाल) विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

दोनों अतिथियों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए सभी महिलाओं को होली की शुभकामनाएं दीं।





इस अवसर पर उन्होंने राधा-कृष्ण के रूप में सजी तानिया जाजोदिया और रूपल निशानियां के साथ मिलकर वृंदावन की परंपरा के अनुरूप फूलों की होली खेली, जिससे पूरे परिसर में भक्ति और आनंद का माहौल बन गया।

समिति की अध्यक्ष श्रीमती रंजना अग्रवाल ने मुख्य अतिथियों का आत्मीय स्वागत करते हुए सभी सदस्यों को होली की बधाई दी और समाज में प्रेम, भाईचारे और एकजुटता के साथ रहने का संदेश दिया। वहीं समिति की सचिव श्रीमती वंदना जाजोदिया ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाली पूरी कार्यकारिणी और आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

होली मिलन समारोह को रोचक बनाने के लिए कई मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। कार्यक्रम में पंक्चुअलिटी पुरस्कार, लकी गेम, तथा होली थीम पर आधारित तंबोला का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

इसके साथ ही राधा-कृष्ण की मनमोहक प्रस्तुति ने कार्यक्रम में आध्यात्मिक रंग घोल दिया और उपस्थित सभी महिलाओं ने तालियों से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के अंत में लकी ड्रॉ के माध्यम से श्वेता रितेश अग्रवाल को हास्यपूर्ण अंदाज में “मूर्खाधिराज” की उपाधि प्रदान की गई, जिसने समारोह में हंसी और उल्लास का माहौल बना दिया।

संपूर्ण कार्यक्रम रंगों, संगीत, खेल और आपसी सौहार्द के साथ संपन्न हुआ, जहां उपस्थित सभी महिलाओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली के पर्व की शुभकामनाएं दीं और सामाजिक एकता का संदेश दिया।

