सकरी उपसंभाग में 81 कनेक्शन कटे, 5 लाख से अधिक किया वसूल…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] बिजली बिल बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत विभाग ने सकरी उपसंभाग में विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान 81 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे गए, वहीं 46 बकायादारों से कुल 5 लाख 9 हजार 828 रुपये की वसूली की गई।
यह कार्रवाई बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक ए.के. अंबष्ट के निर्देश तथा अधीक्षण यंत्री सुरेश कुमार जांगड़े के मार्गदर्शन में की गई। विभाग के जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार बकाया राशि की वसूली और लाइन विच्छेदन के लिए 8 टीमों का गठन किया गया था।
अभियान के दौरान अधिक बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं पर विशेष कार्रवाई की गई। इनमें असमा कॉलोनी के 7 कनेक्शन शामिल हैं, जिन पर कुल 15 लाख 36 हजार रुपये का बकाया था। इसके अलावा ग्राम मेंड्रा के राजकुमार (83,974 रुपये), संस्कृति विहार की साधना सूर्यवंशी (64,731 रुपये), पंकज कुमार (62,164 रुपये), असमा सिटी के राजेश वर्मा (51,006 रुपये), सकरी की पूजा साहू (44,233 रुपये) और श्यामा साहू (44,016 रुपये) सहित अन्य उपभोक्ताओं पर भी बड़ी बकाया राशि पाई गई, जिसके चलते उनके बिजली कनेक्शन काटे गए।
इसके साथ ही ग्राम सईदा के दीपक कुमार सूर्यवंशी (40,837 रुपये), सागरदीप के अनिल कुमार गुप्ता (39,120 रुपये), ग्राम सईदा की श्याम बाई (37,458 रुपये), रामा लाइफ सिटी के तरुण कुमार त्रिवेदी (37,116 रुपये) तथा सकरी के परदेशी (35,779 रुपये) पर बकाया मिलने पर भी लाइन विच्छेदन की कार्रवाई की गई।
विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि बकाया बिजली बिल का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अभियान में कार्यपालन यंत्री सिटी विजिलेंस सी.पी. गढ़ेवाल, एस.के. मुख्तार, श्रीमती पूर्णिमा सिंह, अनुपम सरकार, सहायक यंत्री प्रमोद कुमार चौबे, जीतेश दिव्य, वरदान खलखो, कनिष्ठ यंत्री कु. कंचन खूंटे सहित सकरी उपसंभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

