जनआंदोलन बनाने की तैयारी प्रचार-प्रसार और जनसहभागिता बढ़ाने के लिए कई समितियों का हुआ गठन…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर शहर में चल रही त्रिनेत्र परियोजना को नागरिकों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। अब तक लोगों द्वारा स्वस्फूर्त रूप से एक करोड़ रुपये की राशि जमा की जा चुकी है। इसी सिलसिले में इंटीग्रेटेड कमांड एवं कंट्रोल सेंटर, तारबाहर चौक में त्रिनेत्र सेवा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता रामावतार अग्रवाल ने की। बैठक में संजय अग्रवाल, रजनेश सिंह सहित शहर के कई प्रमुख उद्योगपति, व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता और समिति सदस्य मौजूद रहे।

बैठक की शुरुआत में वाय श्रीनिवास एवं राजीव कुमार छुरा द्वारा त्रिनेत्र परियोजना पर पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण दिया गया। विस्तृत चर्चा के बाद निर्णय लिया गया कि तकनीकी समिति की अगली बैठक 20 अप्रैल को आयोजित की जाएगी, जिसमें टेलीकॉम कंपनियों और Adani Gas के अधिकारियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।

त्रिनेत्र अभियान के प्रचार-प्रसार को मजबूत बनाने के लिए एक अलग प्रचार-प्रसार समिति का गठन किया गया है। यह समिति फेसबुक, इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाएगी। इसकी जिम्मेदारी मनीष अग्रवाल को सौंपी गई है, जबकि प्रवीण भार्गव, आशीष केडिया, प्रकाश सोंथालिया एवं शंकर राव को सदस्य बनाया गया है।

वहीं विभिन्न सामाजिक और व्यावसायिक संगठनों को त्रिनेत्र अभियान से जोड़ने के लिए सुनील सोंथालिया की अध्यक्षता में एक अलग समिति बनाई गई है। इसके अलावा गणमान्य नागरिकों और व्यावसायिक संगठनों से सहयोग प्राप्त करने के लिए प्रवीण झा को जिम्मेदारी दी गई है।

बैठक में मौजूद सदस्यों ने त्रिनेत्र अभियान को जनआंदोलन का रूप देने और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। समिति का मानना है कि शहरवासियों के सहयोग से यह अभियान सुरक्षा, निगरानी और नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में एक बड़ी पहल साबित होगा।

