विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत 15 लाख की मिली आर्थिक मदद परिजनों ने विष्णु देव साय के प्रति जताया आभार…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर देवरीखुर्द निवासी 15 वर्षीय शिवांश रामटेके के जीवन में उस समय उम्मीद की नई किरण जगी, जब मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत उसे 15 लाख रुपये की आर्थिक मदद मिली। सिकलसेल जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे शिवांश के इलाज के लिए यह सहायता किसी संजीवनी से कम नहीं साबित हुई।
शिवांश के पिता मनीष रामटेके ने बताया कि बेटे की गंभीर बीमारी की जानकारी मिलते ही परिवार पर मानो संकट का पहाड़ टूट पड़ा। निजी कंपनी में कार्यरत होने के कारण महंगे इलाज का खर्च उठाना उनके लिए संभव नहीं था। इसी बीच उन्हें मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के बारे में जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने आवेदन किया।
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से उनका आवेदन शीघ्र स्वीकृत हुआ और इलाज के लिए 15 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई। इस सहायता ने न केवल शिवांश के इलाज का रास्ता आसान किया, बल्कि पूरे परिवार को नई उम्मीद भी दी।
मनीष रामटेके भावुक होकर बताते हैं कि यह उनके जीवन का सबसे खुशी भरा दिन था, जब उन्हें बेटे के जीवन बचने की उम्मीद मिली। इलाज के बाद शिवांश की हालत में काफी सुधार हुआ है और वह अब डॉक्टरों की निगरानी में स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ रहा है।
परिवार ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी संवेदनशील पहल ने उनके बेटे को नया जीवन दिया है। यह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए एक बड़ी राहत बनकर सामने आ रही है, जो गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को जीवनदान देने का कार्य कर रही है।

