एडीशनल एसपी मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन में त्वरित एक्शन आरोपी पहुंचा सलाखों के पीछे…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिल्हा पुलिस ने एक गंभीर मामले में तेजी और संवेदनशीलता दिखाते हुए प्रेम जाल में फंसाकर दैहिक शोषण करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस की सजगता और एडीशनल एसपी मधुलिका सिंह की कार्यकुशलता साफ नजर आई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 30 अप्रैल 2026 को थाना बिल्हा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी रोशन कुमार उर्फ नानू लहरे ने पहले उससे जान-पहचान बढ़ाई और फिर शादी का झांसा देकर 18 अगस्त 2025 से लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा। बाद में शादी से इंकार करते हुए उसे जान से मारने की धमकी देने लगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं एडीशनल एसपी मधुलिका सिंह तथा नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा डी.आर. टंडन के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने बिना देर किए आरोपी रोशन कुमार उर्फ नानू लहरे (उम्र 20 वर्ष, निवासी सम्बलपुरी, थाना बिल्हा) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे 1 मई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं 331(4), 351(3), 64(1), 64(2)(एम) और 69 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, उपनिरीक्षक जी.एल. चंद्राकर, आरक्षक अर्जुन जांगड़े और संतोष मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया है कि कानून के हाथ लंबे हैं और अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।

