जांच रिपोर्ट के बाद असली-नकली प्रॉडक्ट्स के आधार पर होगी कार्रवाई…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर चांटीडीह के रामायण चौक स्थित माधव ट्रेडर्स में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब विभिन्न ब्रांडों के कथित डुप्लीकेट उत्पादों की बिक्री की शिकायत पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने छापेमार कार्रवाई की। यह कार्रवाई हिंदुस्तान यूनिलीवर कंपनी की शिकायत के आधार पर की गई। विभागीय टीम ने दुकान में मौजूद विभिन्न उत्पादों की जांच करते हुए कई सामानों के सैंपल लिए और उन्हें जांच प्रक्रिया के लिए सुरक्षित किया।
शिकायत के बाद पहुंची टीम, कई उत्पाद जांच के घेरे में विभागीय अधिकारियों के मुताबिक कंपनी की ओर से विभिन्न ब्रांडों के डुप्लीकेट उत्पादों की बिक्री की शिकायत की गई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए टीम ने माधव ट्रेडर्स पहुंचकर उपलब्ध सामान की जांच की। इस दौरान सर्फ एक्सेल, बुक ब्रांड की ताजा चायपत्ती, इनो समेत अन्य उत्पादों के सैंपल लिए गए।
लिए गए सैंपलों को जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अब जांच रिपोर्ट पर ही यह स्पष्ट होगा कि संबंधित उत्पादों में वास्तव में कोई अनियमितता है या वे मानकों के अनुरूप हैं।
अभिहित अधिकारी बोले…
रिपोर्ट के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अभिहित अधिकारी रमन देवांगन ने बताया कि हिंदुस्तान यूनिलीवर कंपनी की ओर से विभाग को शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में विभिन्न ब्रांडों के डुप्लीकेट सामान की बिक्री का उल्लेख किया गया था। इसी शिकायत के आधार पर शुक्रवार को माधव ट्रेडर्स में जांच की गई।
उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान कई उत्पादों के सैंपल लिए गए हैं। इन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही उत्पादों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी और रिपोर्ट के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संचालक ने सौंपे खरीदी के बिल और दस्तावेज
कार्रवाई के दौरान माधव ट्रेडर्स के संचालक मनोहर लाल वाधवानी ने अधिकारियों को संबंधित सामान की खरीदी से जुड़े बिल और दस्तावेज उपलब्ध कराने की बात कही। संचालक के अनुसार वे पिछले कई वर्षों से व्यापार विहार स्थित संतोष जनरल स्टोर से सामान की खरीदी करते आ रहे हैं।
उनका कहना है कि जिन उत्पादों के सैंपल विभागीय टीम ने लिए हैं, उनसे संबंधित उपलब्ध बिल और दस्तावेज अधिकारियों को सौंप दिए गए हैं। संचालक ने यह भी कहा कि उनकी ओर से जानबूझकर किसी गलत या नकली सामग्री की बिक्री नहीं की गई है।
अब रिपोर्ट पर टिकी निगाहें, जांच के बाद
खुलेगा असली राज
माधव ट्रेडर्स में हुई कार्रवाई के बाद अब विभागीय जांच रिपोर्ट का इंतजार है। फिलहाल विभाग ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए उत्पादों के सैंपल सुरक्षित किए हैं। उत्पाद वास्तव में डुप्लीकेट हैं या नहीं, इसका अंतिम निर्धारण जांच रिपोर्ट के बाद ही होगा।
यानी फिलहाल शिकायत ने बाजार में सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं, लेकिन असली तस्वीर जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही साफ होगी। रिपोर्ट में अनियमितता या डुप्लीकेट उत्पादों की पुष्टि होने पर विभाग नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेगा।

