छत्तीसगढ़ में बहुमूल्य खनिजों की संभावनाओं और वैज्ञानिक अन्वेषण पर हुई विस्तृत चर्चा…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर छत्तीसगढ़ की खनिज संपदा और सराफा कारोबार के भविष्य को जोड़ते हुए बिलासपुर सराफा एसोसिएशन के सेवा संकल्प अभियान एवं उपभोक्ता जागरूकता अभियान के तीसरे दिन खनिज संसाधनों में छिपी संभावनाओं पर सार्थक संवाद हुआ। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (CMDC) के अध्यक्ष सौरभ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने सराफा व्यापारियों को प्रदेश में सोना, हीरा और अन्य बहुमूल्य खनिजों की संभावनाओं, वैज्ञानिक अन्वेषण तथा CMDC की भूमिका की विस्तार से जानकारी दी।

मां भारती की आरती और वंदेमातरम् से हुआ शुभारंभ-:
कार्यक्रम में स्वजातीय स्वर्णकार समाज एवं टीम के अध्यक्ष अनिल सोनी, बिलासपुर सराफा के संरक्षक महेंद्र शाह, छेदी लाल सराफा, निहारिका त्रिपाठी सहित सराफा समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी के उद्बोधन से हुआ। इसके पश्चात मां भारती की आरती और सामूहिक वंदेमातरम् गान किया गया। कमल सोनी ने मुख्य अतिथि सौरभ सिंह का स्वागत करते हुए छत्तीसगढ़ के खनिज क्षेत्र में उनकी भूमिका का उल्लेख किया। इस अवसर पर बिलासपुर सराफा समाज की ओर से माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया गया।
बलौदा-बेलमुंडी में हीरा अन्वेषण पर विशेष चर्चा।

CMDC अध्यक्ष सौरभ सिंह ने कॉरपोरेशन की गतिविधियों और छत्तीसगढ़ के खनिज संसाधनों के विकास की दिशा में किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की। उन्होंने महासमुंद जिले के सरायपाली क्षेत्र के बलौदा-बेलमुंडी डायमंड ब्लॉक में चल रहे हीरा अन्वेषण कार्य को विशेष रूप से रेखांकित किया।

उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में NMDC-CMDC के संयुक्त उपक्रम के माध्यम से हीरा अन्वेषण का कार्य किया जा रहा है। वैज्ञानिक सर्वेक्षण और ड्रिलिंग के जरिए क्षेत्र की खनिज संभावनाओं का आकलन किया जा रहा है। आगामी चरणों में बड़े पैमाने पर वैज्ञानिक ड्रिलिंग और संभावित व्यावसायिक खनन की दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

खनिज संपदा बनेगी आर्थिक विकास की ताकत
सौरभ सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती में सोना, हीरा और अन्य बहुमूल्य खनिजों की संभावनाएं राज्य के आर्थिक एवं औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती हैं। उन्होंने खनिज अन्वेषण से लेकर संभावित उत्पादन तक की प्रक्रिया और इससे स्थानीय स्तर पर बनने वाले अवसरों पर भी सराफा व्यापारियों से संवाद किया।

उन्होंने कहा कि बहुमूल्य खनिजों के वैज्ञानिक अन्वेषण और विकास से जुड़े प्रयासों का प्रभाव केवल खनन क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे संबंधित व्यवसायों और स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए भी नई संभावनाएं तैयार हो सकती हैं।
सराफा कारोबारियों ने भी रखे विचार:-
संवाद के दौरान सराफा कारोबारियों ने खनिज संसाधनों, सोना-हीरा उत्पादन, स्थानीय व्यापार और भविष्य की संभावनाओं से जुड़े विषयों पर जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम में वरिष्ठ सदस्य राजेश शाह, पंकज पारेख, प्रमोद वर्मा, अजय सराफ, महासचिव श्रीकांत पांडेय, कोषाध्यक्ष रौनक साव, जितेंद्र सोनी, सूरज सोनी, शशांक स्वर्णकार, रवि सलूजा एवं राजीव पारेख सहित बड़ी संख्या में सराफा व्यापारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में सराफा एसोसिएशन के महासचिव श्रीकांत पांडेय ने मुख्य अतिथि, अतिथियों और उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा-संवाद का सिलसिला:-

बिलासपुर सराफा एसोसिएशन का सेवा, संवाद एवं जनजागरूकता अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 6 बजे आयोजित किया जा रहा है। अभियान के आगामी कार्यक्रमों में नागरिकों एवं व्यापारियों को भी आमंत्रित किया गया है।


