आज फिर हुई ताबड़तोड़ कार्रवाई…!
1 हाइवा सहित 7 वाहन जप्त…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन पर प्रशासन का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश एवं उप संचालक खनिज विभाग के मार्गदर्शन में खनिज अमले ने शुक्रवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक जांच अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान 01 हाइवा और 06 ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित कुल 07 वाहनों को जप्त किया गया।
जानकारी के अनुसार दिनांक 23 मई 2026 को खनिज विभाग की टीम ने कच्छार, लोफन्दी, सेंदरी, निरतु, लखराम, गढ़वत, खैरखूंडी, लोखड़ी, तुरकाडीह एवं सकरी क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान कच्छार क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन करते हुए 01 ट्रैक्टर वाहन पकड़ा गया। वहीं सेंदरी क्षेत्र में रेत का अवैध उत्खनन करते 03 ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त की गईं।

इसी तरह लोखड़ी क्षेत्र से अवैध रेत परिवहन करते हुए 01 हाइवा वाहन को पकड़ा गया, जबकि सकरी क्षेत्र में खनिज मिट्टी ईंट का अवैध परिवहन करते 02 ट्रैक्टर-ट्रॉली को जप्त किया गया।
खनिज विभाग द्वारा जप्त किए गए सभी 07 वाहनों को पुलिस थाना कोनी एवं सकरी की अभिरक्षा में रखा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग, राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

कलेक्टर संजय अग्रवाल की अवैध खनन पर हर पल बनी पैनी नजर के चलते माफियाओं में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

