बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] बिलासपुर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खिलाड़ी बुक नामक पैनल से विभिन्न खेलों पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले सटोरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सट्टे की रकम आगे पहुंचाने वाले आरोपी को भी दबोच लिया है, जबकि फरार बड़े सटोरियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस ने फरार आरोपी रोहित पंजवानी, सागर चेतवानी एवं राज चेतानी के विरुद्ध लुक आउट सर्कुलर भी जारी किया है।
थाना सिविल लाइन से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में जिले में जुआ एवं सट्टा संबंधी अपराधों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 24 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि संतोष जसवानी, करन श्रीवास एवं उनके साथी मंगला स्थित एचडीएफसी बैंक के पास मोबाइल फोन के माध्यम से खिलाड़ी बुक पैनल से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन पुलिस ने मौके पर रेड कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक टाटा कार, एक स्कूटी, 5 मोबाइल फोन, विभिन्न बैंकों के 27 एटीएम कार्ड तथा नगद 13 लाख 48 हजार रुपए बरामद किए।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी संतोष जसवानी द्वारा सट्टे की रकम आशीष जसवानी के माध्यम से आगे पहुंचाई जा रही थी। इस पर पुलिस ने आशीष जसवानी को भी गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी:-
संतोष जसवानी (34 वर्ष) निवासी हेमूनगर तोरवा, हाल मुकाम रोमन हाईट्स गंगानगर फेस-02 मंगला।
करन श्रीवास (20 वर्ष) निवासी नयापारा सिरगिट्टी बिलासपुर।
आशीष जसवानी (20 वर्ष) निवासी बी.आर. हॉस्पिटल के पास बिलासपुर।
विधि से संघर्षरत बालक।

जब्त सामग्री:-
05 मोबाइल फोन
27 एटीएम कार्ड
नगद 13,48,000 रुपए
एक टाटा कार
एक स्कूटी
पुलिस ने कुल 22 लाख 63 हजार रुपए की मशरूका जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7(2) एवं धारा 112 बीएनएस के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। बिलासपुर पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन सट्टा कारोबार से जुड़े अन्य बड़े आरोपियों की तलाश में कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

