जनहित न्यूज़ की युवा वर्ग से अपील…
सोशल मीडिया पर बढ़ती नजदीकियों पर रखें सावधानी आँखबंद कर भरोसा न करें…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हुई दोस्ती एक युवती के लिए दर्दनाक साबित हुई। इंस्टाग्राम के माध्यम से संपर्क में आए युवक ने पहले प्रेमजाल में फंसाया और फिर शादी का झांसा देकर होटल में युवती के साथ शारीरिक शोषण किया। मामले में तोरवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
थाना तोरवा से मिली जानकारी के अनुसार 22 मई 2026 को पीड़िता ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी पहचान आरोपी से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने विश्वास जीतकर युवती से नजदीकियां बढ़ाईं। बाद में जन्मदिन मनाने का बहाना बनाकर आरोपी ने युवती को तोरवा क्षेत्र स्थित एक होटल में बुलाया, जहां शादी का वादा कर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता की शिकायत पर थाना तोरवा में अपराध क्रमांक 265/2026 धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। महिला संबंधी अपराधों के मामलों में गंभीरता दिखाते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने आरोपी निलेश कुमार जायसवाल (19 वर्ष), निवासी ग्राम जरेली, थाना तखतपुर, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
युवाओं के लिए सीख
सोशल मीडिया आज संवाद का बड़ा माध्यम बन चुका है, लेकिन अनजान लोगों पर जल्दी भरोसा करना कई बार खतरनाक साबित हो सकता है।

केवल ऑनलाइन बातचीत और मीठी बातों के आधार पर किसी पर आंख बंद कर विश्वास करना गंभीर परेशानी में डाल सकता है। युवाओं को चाहिए कि वे सोशल मीडिया पर सतर्क रहें, निजी जानकारी साझा करने से बचें और किसी भी संबंध में सोच-समझकर निर्णय लें। परिवार और करीबी लोगों से संवाद बनाए रखना भी ऐसे मामलों से बचाव का महत्वपूर्ण तरीका है।

