हत्या की नीयत से चाकूबाजी करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार…!
4 नाबालिग बाल संप्रेक्षण गृह भेजे गए…!
मुंगेली-[जनहित न्यूज़]
मुंगेली वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन बाज” के तहत लोरमी पुलिस ने हत्या के प्रयास और जान से मारने की धमकी देने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि चार नाबालिगों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, थाना लोरमी क्षेत्र के ग्राम मोहतरा तेली में हुई चाकूबाजी की घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई। घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 1 जनवरी 2026 को प्रार्थी विश्राम यादव ने थाना लोरमी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 दिसंबर 2025 की रात करीब 10 बजे वह गांव के पैटू तालाब के पास गया था, जहां कमलेश यादव और गीताराम यादव बैठे हुए थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों में सवार 6-7 युवक वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने कमलेश और गीताराम के साथ मारपीट शुरू कर दी।
बीच-बचाव करने पहुंचे विश्राम यादव पर आरोपियों ने चाकूनुमा हथियार से हमला कर दिया। हमले में विश्राम यादव के सीने के नीचे तथा कमलेश यादव के पेट में गंभीर चोटें आईं। दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोरमी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कमलेश यादव को जिला अस्पताल होते हुए सिद्धार्थ अस्पताल मुंगेली रेफर किया गया।
रिपोर्ट के आधार पर थाना लोरमी में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान कमलेश यादव की चोट गंभीर पाए जाने पर प्रकरण में हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराएं जोड़ी गईं।
मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी विशाल यादव (19 वर्ष), राजकुमार यादव (21 वर्ष) और मुकेश सिंह चौहान (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि मामले में शामिल चार विधि से संघर्षरत बालकों को सामाजिक पृष्ठभूमि तैयार कर बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लोरमी निरीक्षक अखिलेश वैष्णव, उप निरीक्षक मानसिंह सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मुंगेली पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की हिंसक गतिविधि या आपराधिक घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

