मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जरहागांव थाना क्षेत्र में शासकीय उचित मूल्य दुकान में हुई चोरी का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मामले में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के आदेश पर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त सोनालिका ट्रैक्टर, राशन सामग्री और वारदात में इस्तेमाल लोहे का सब्बल समेत करीब 6.03 लाख रुपये का मशरूका भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम लौदा निवासी जगदीश माथुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम ढोठमा स्थित महिला स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने एक बोरी चावल और दो बोरियों में रखी लगभग एक क्विंटल शक्कर चोरी कर ट्रैक्टर में लोड कर ली थी। इसी दौरान ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपी ट्रैक्टर मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
प्रकरण दर्ज होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में थाना जरहागांव पुलिस ने बीट प्रणाली के माध्यम से आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने मौके से चोरी में प्रयुक्त नीले रंग का सोनालिका ट्रैक्टर, चोरी किया गया चावल, शक्कर तथा लोहे का सब्बल जब्त किया। ट्रैक्टर के स्वामी विशाल साहू (19) निवासी ग्राम ढोठमा से पूछताछ में उसने अपने साथी विकास उर्फ गोलू साहू (20) तथा दो विधि से संघर्षरत बालकों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।
अपराध सिद्ध होने पर पुलिस ने विशाल साहू और विकास साहू को 11 जून को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। वहीं, दो विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई कर उन्हें किशोर न्याय बोर्ड, मुंगेली के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें बाल संप्रेषण गृह भेजा गया।

मुंगेली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक श्रीमती शोभा यादव, सहायक उपनिरीक्षक लखीराम नेताम, प्रधान आरक्षक अयोध्या कोशले तथा आरक्षक उमेश सोनवानी, चारूचंद्र नेताम और राजचंद्र जोशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

