तखतपुर पुलिस मौके पर पहुंची आरोपी पिता गिरफ्तार…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुसमूली में घरेलू विवाद ने सोमवार को भयावह रूप ले लिया। शराब के नशे में आए दिन घर में विवाद करने वाले युवक की उसके ही पिता ने डंडे से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान विजेंद्र श्रीवास (30 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से शराब का आदी था और नशे की हालत में रोज घर पहुंचकर परिजनों से विवाद करता था। घटना वाले दिन भी वह शराब पीकर घर आया और अपने पिता मोहित राम श्रीवास से उलझ पड़ा।

देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला हिंसक संघर्ष में बदल गया। इसी दौरान गुस्से में आए पिता ने पास में रखा डंडा उठाकर बेटे के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से विजेंद्र मौके पर ही गिर पड़ा। परिजन उसे संभालने पहुंचे, लेकिन उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही तखतपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।

पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी पिता मोहित राम श्रीवास को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हत्या के कारणों और घटना की परिस्थितियों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है।

