संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतों पर हुई कार्रवाई…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
नगर निगम ने बिना वैधानिक अनुमति संचालित हो रहे एक ओयो होटल पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। सिरगिट्टी मेन रोड स्थित मुक्तिधाम के पास संचालित “द गोल्डन स्टे” (OYO होटल) के खिलाफ यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर की गई।

नगर निगम को लंबे समय से होटल में संदिग्ध गतिविधियों के संचालन की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि होटल आवश्यक अनुमति एवं वैधानिक स्वीकृतियों के बिना संचालित किया जा रहा था। इसके बाद निगम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए होटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।

नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने स्पष्ट किया है कि निगम क्षेत्र में बिना अनुमति संचालित होटल, लॉज एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

नगर निगम की इस कार्रवाई से बिना अनुमति संचालित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में हड़कंप मच गया है। निगम प्रशासन ने होटल संचालकों को सभी आवश्यक वैधानिक अनुमति एवं लाइसेंस प्राप्त करने के बाद ही संचालन करने की चेतावनी दी है।

