ससुराल की छत पर छिपा बैठा था आरोपी सिरगिट्टी पुलिस ने धरदबोचा…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर शादी का झांसा देकर युवती का लंबे समय तक दैहिक शोषण करने और बाद में दूसरी शादी कर फरार हो जाने वाले आरोपी को सिरगिट्टी पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को उसके ससुराल में दबिश देकर पकड़ा, जहां वह पुलिस से बचने के लिए घर की छत के छज्जे में छिपा बैठा था। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
सिरगिट्टी थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 317/2026 के अनुसार, मुंगेली जिले के सरगांव निवासी अमन यादव उर्फ राजा (26 वर्ष) ने पीड़िता को शादी का भरोसा देकर 21 अगस्त 2025 से लगातार दैहिक शोषण किया। इस दौरान आरोपी ने दूसरी शादी कर ली और पीड़िता के विरोध करने पर उससे गाली-गलौज करते हुए शादी से साफ इनकार कर दिया।
पीड़िता की शिकायत पर 2 मई 2026 को थाना सिरगिट्टी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 एवं 296 के तहत मामला दर्ज किया गया। रिपोर्ट दर्ज होते ही आरोपी फरार हो गया और लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता रहा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर), नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) तथा थाना प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी आकाश चौधरी के मार्गदर्शन में सिरगिट्टी पुलिस ने लगातार आरोपी की तलाश जारी रखी।

पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर आरोपी के ससुराल चोरभट्ठी कला में दबिश दी। पुलिस की भनक लगते ही आरोपी घर के छज्जे में छिप गया, लेकिन पुलिस ने घर की बारीकी से तलाशी लेकर उसे पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक अजय चौरसिया, महिला आरक्षक जिज्ञासा कौशिक एवं आरक्षक आशीष शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सिरगिट्टी पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से फरार आरोपी आखिरकार कानून के शिकंजे में आ गया।

