रिश्तेदारी का भरोसा बना मौत की वजह… आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में दोनों आरोपी गए जेल…!
बिलासपुर- (जनहित न्यूज़) मस्तुरी पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर रुपए लेकर लगातार मानसिक प्रताड़ना देने और कथित रूप से आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में युवक के मामा और मामी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, थाना मस्तुरी के मर्ग क्रमांक 40/2026 की जांच के दौरान मृतक राहुल साहू (22 वर्ष) निवासी हिर्री के परिजनों के बयान दर्ज किए गए। जांच में सामने आया कि राहुल के माता-पिता ने शासकीय रेलवे कैंटीन में नौकरी लगवाने के नाम पर रिश्तेदार होने के कारण उसके मामा इंद्र कुमार वैष्णव उर्फ भवानी और मामी अंबिका वैष्णव पर भरोसा करते हुए उन्हें रुपए दिए थे।
परिजनों के मुताबिक जब नौकरी नहीं लगी तो राहुल कई बार अपने पैसे वापस मांगने गया। 9 मार्च 2026 को भी वह पैसों की जरूरत बताकर रुपए मांगने पहुंचा था। आरोप है कि इस दौरान उसकी मामी ने उसे धमकाते हुए कहा कि यदि वह बार-बार पैसे मांगने आया तो न केवल रुपए नहीं मिलेंगे, बल्कि उसे झूठे दुष्कर्म के मामले में भी फंसा दिया जाएगा। इस धमकी से राहुल बेहद भयभीत और मानसिक रूप से परेशान हो गया था।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि आरोपी अप्रैल 2025 से लगातार राहुल को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। इसी प्रताड़ना और लोकलाज के भय से उसने 9 मार्च 2026 को आत्महत्या कर ली।
मर्ग जांच के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 490/2026 दर्ज करते हुए धारा 108 एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला कायम किया। विवेचना के दौरान दोनों आरोपियों से पूछताछ की गई। इसके बाद पुलिस ने 26 जुलाई 2026 को उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर 27 जुलाई 2026 को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी:-
इंद्र कुमार वैष्णव उर्फ भवानी (44 वर्ष), निवासी लिमतरा, पहरीपारा, थाना मस्तुरी, जिला बिलासपुर।
अंबिका वैष्णव (35 वर्ष), निवासी लिमतरा, पहरीपारा, थाना मस्तुरी, जिला बिलासपुर।

