बेलसरा से घेराबंदी कर मंगेली पुलिस ने धर दबोचा भेजा गया जेल..!
मुंगेली-[जनहित न्यूज़] वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में लालपुर पुलिस ने दिव्यांग युवती से दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी को बिलासपुर जिले के ग्राम बेलसरा से घेराबंदी कर पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, थाना लालपुर क्षेत्र के एक ग्रामीण ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 25 जुलाई 2026 को वह अपनी पत्नी के साथ खेत में काम करने गया था। घर पर उनकी छोटी बेटी अकेली थी, जो दाहिने हाथ और दाहिने पैर से दिव्यांग है। दोपहर करीब 2 बजे जब दोनों घर लौटे तो बेटी रोती हुई मिली। पीड़िता ने बताया कि पड़ोस में रहने वाला सोनू उर्फ जगन बघेल घर में घुस आया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।
रिपोर्ट के आधार पर थाना लालपुर में अपराध क्रमांक 119/2026 के तहत धारा 64(1) एवं 64(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी भोजराम पटेल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्रीमती माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने पीड़िता का बयान दर्ज कराया, चिकित्सकीय परीक्षण कराया तथा अन्य साक्ष्य एकत्र किए। साथ ही आरोपी की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई।
26 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बिलासपुर जिले के ग्राम बेलसरा में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सोनू उर्फ जगन बघेल (27 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर 27 जुलाई को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुंदर लाल गोरले (प्रभारी, साइबर सेल), प्रधान आरक्षक सीमा, प्रधान आरक्षक सुरेंद्र कुर्रे, आरक्षक देवेंद्र नागरे, जाशल नेताम, गुलाब रात्रे तथा महिला आरक्षक अनिता नेताम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

