139 नशीली गोलियां 800 ग्राम गांजा और बाइक सहित आरोपी युवक गिरफ्तार…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘प्रहार’ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 139 नशीली टेबलेट, 800 ग्राम गांजा, नगद राशि और मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। साथ ही नशीले पदार्थों के स्रोत, सप्लाई चेन और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि अरपा नदी के पचरी घाट क्षेत्र में एक युवक नशीली टेबलेट और गांजा बेच रहा है। सूचना मिलते ही थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर देवेन्द्र इंगले (23 वर्ष) निवासी पचरीघाट, जूना बिलासपुर को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 139 नग नाइट्राजेपाम एवं नाइट्रोसन नशीली टेबलेट, 800 ग्राम गांजा, बिक्री की ₹1,000 नकद राशि तथा घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (CG-10/3568) बरामद की गई।
उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की।

आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 446/2026 के तहत धारा 21(B), 22(B) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अब मामले की एंड-टू-एंड विवेचना कर रही है। जांच के दौरान नशीले पदार्थों के स्रोत, आपूर्ति श्रृंखला, अन्य संलिप्त आरोपियों की पहचान के साथ-साथ फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन के जरिए अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति और आर्थिक लेन-देन की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ ‘प्रहार’ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

