CCTV के सहारे तारबाहर पुलिस व एसीसीयू की सयुंक्त कार्रवाई में दबोचे आरोपी एक अन्य की तलाश जारी…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में रात के अंधेरे में राहगीर से मोबाइल झपटकर फरार होने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तारबाहर पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने एक आरोपी समेत दो विधि से संघर्षरत किशोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया करीब ₹25 हजार कीमत का वनप्लस मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त सफेद एक्टिवा स्कूटी भी बरामद कर ली है। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 की रात करीब 10:30 बजे लिंगियाडीह निवासी किशोर कुमार सिंह जिला अस्पताल के सामने मुख्य मार्ग से पैदल अपने घर जा रहे थे। इस दौरान वह मोबाइल पर बातचीत कर रहे थे। तभी सफेद एक्टिवा पर सवार अज्ञात युवक पीछे से आए और उनके हाथ से मोबाइल फोन झपटकर फरार हो गए। पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना तारबाहर में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीसीयू और थाना तारबाहर की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए एक्टिवा की नंबर प्लेट ढंक रखी थी। इसके बावजूद पुलिस ने वाहन की गतिविधियों और संदिग्धों के हुलिए के आधार पर उनकी पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल और स्कूटी बरामद कर ली गई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अविनाश कामले उर्फ जादू (19 वर्ष), निवासी एन. भूकंप अटल आवास पारा, सरकंडा, बिलासपुर के रूप में हुई है। उसके साथ दो विधि से संघर्षरत किशोरों को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी तारबाहर निरीक्षक रविंद्र अनंत, एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, प्रधान आरक्षक प्रमोद सिंह तथा आरक्षक मुकेश शर्मा, महेत्तर कश्यप और योगेश साहू की सराहनीय भूमिका रही।

