प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त गंदगी फैलाने पर 25 लोगों वालों 5 हजार जुर्माना वसूला…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर शहर में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में जोन क्रमांक-5 की टीम ने जोन कमिश्नर सविता अनंत के नेतृत्व में रिवर व्यू में लगने वाले संडे मार्केट में सघन कार्रवाई की।
रविवार को आयोजित संडे मार्केट में प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग करने तथा बाजार क्षेत्र में कचरा फैलाने वालों के खिलाफ निगम की टीम ने कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान संडे मार्केट लगाने वाले 25 लोगों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।

निगम की टीम ने दुकानदारों के पास से भारी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त की। साथ ही स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों से कुल ₹5,000 का जुर्माना भी वसूला गया।
जोन कमिश्नर सविता अनंत के नेतृत्व में निगम की टीम ने बाजार क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने और प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग नहीं करने की समझाइश भी दी।

निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने और प्रतिबंधित पॉलीथिन का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।

नगर निगम की इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखना और नागरिकों एवं व्यापारियों को स्वच्छता नियमों के प्रति जागरूक करना है।

निगम ने दुकानदारों से अपील की है कि वे बाजार समाप्त होने के बाद अपने आसपास कचरा न छोड़ें और निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ही कचरे का निपटान करें।

