हवाला के रास्ते देशभर में दौड़ रही थी सट्टे की काली कमाई..जबलपुर के आकाश गोगा का नाम भी जांच के घेरे में रेड कॉर्नर नोटिस की तैयारी…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] क्रिकेट के मैदान पर चौकों-छक्कों के खेल के पीछे चल रहे करोड़ों के काले कारोबार का जाल अब अंतरराष्ट्रीय सरहदें पार करता नजर आ रहा है। बिलासपुर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के जरिए कथित अवैध कमाई का ऐसा संगठित नेटवर्क सामने आया है, जिसकी वित्तीय जड़ें देश के कई राज्यों से लेकर दुबई तक फैली होने के संकेत मिले हैं। बिलासपुर पुलिस की जांच में हवाला कारोबार, संदिग्ध बैंकिंग लेन-देन और विदेशों में संपत्तियां अर्जित करने के चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। तलाशी में करीब 25 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज, 8 लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण, महंगी घड़ियां और बैंकिंग दस्तावेज मिलने से इस पूरे काले साम्राज्य का आकार और बड़ा होने की आशंका गहरा गई है।

यह मामला अब महज ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाने और रकम लगाने तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि अवैध कमाई को हवाला के जरिए इधर-उधर खपाने और उससे करोड़ों की संपत्तियां खड़ी करने के कथित संगठित खेल की परतें खुलने लगी हैं।
25 करोड़ की संपत्तियों के दस्तावेज, तलाशी में खुला करोड़ों का राज:-
सिटी कोतवाली में दर्ज अपराध क्रमांक 229/2026 की विवेचना के दौरान बिलासपुर पुलिस ने 13 नवंबर 2026 को तलाशी की कार्रवाई की। इस दौरान करीब 8 लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण, महंगी घड़ियां और बैंकिंग लेन-देन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पुलिस के हाथ करीब 25 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज भी लगे हैं।
इन दस्तावेजों ने जांच को एक नया मोड़ दे दिया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी संपत्तियां किन स्रोतों से खरीदी गईं, इनके पीछे वास्तविक निवेशक कौन हैं और क्या इनका संबंध ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे से अर्जित कथित अवैध रकम से है।
हवाला के रास्ते दौड़ती रही करोड़ों की काली कमाई, दुबई तक पहुंचे तार-:
पुलिस की विवेचना में देश के अलग-अलग राज्यों के बीच सट्टे की रकम के लेन-देन और हवाला के जरिए धन हस्तांतरण के तथ्य सामने आए हैं। जांच में दुबई में संपत्तियां अर्जित किए जाने की जानकारी भी मिली है। इससे आशंका जताई जा रही है कि सट्टे से अर्जित रकम को अलग-अलग वित्तीय माध्यमों से देश के बाहर तक पहुंचाने का नेटवर्क सक्रिय रहा होगा।
अब पुलिस की नजर इस पूरे आर्थिक तंत्र पर है। रकम कहां से आई, किसके खातों से गुजरी, हवाला के जरिए किन लोगों तक पहुंची और विदेशों में संपत्तियों का वास्तविक मालिक कौन है, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

सुनील-मनीष रोहरा पर LOC, आकाश गोगा भी संदेहियों की सूची में पुलिस की कार्रवाई में सुनील रोहरा, पिता दिलीप कुमार रोहरा और मनीष रोहरा, पिता दिलीप कुमार रोहरा के नाम सामने आए हैं। दोनों के विरुद्ध लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है, ताकि उनकी आवाजाही पर निगरानी रखी जा सके। वहीं जबलपुर निवासी आकाश गोगा का नाम भी संदेही के रूप में सामने आया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है। यह घटनाक्रम बताता है कि पुलिस अब इस नेटवर्क के संभावित अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की भी पड़ताल कर रही है।
अब सट्टेबाज ही नहीं, काली कमाई के हर हिस्सेदार पर शिकंजे की तैयारी-:
बिलासपुर पुलिस की कार्रवाई का दायरा अब सट्टा संचालित करने वालों तक सीमित नहीं है। जांच का मुख्य केंद्र हवाला कारोबार, बैंकिंग ट्रांजेक्शन, संदिग्ध वित्तीय गतिविधियां और अपराध से अर्जित संपत्तियों के वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचना है।
पुलिस के मुताबिक, अपराध से अर्जित संपत्तियों की पहचान होने पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 107 के तहत कुर्की की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसके जरिए कथित अवैध कमाई से खड़े किए गए आर्थिक साम्राज्य पर कानूनी शिकंजा कसने की तैयारी है।
बिलासपुर से दुबई तक फैले नेटवर्क की परतें खुलना बाकी-:
करीब 25 करोड़ की संपत्तियों के दस्तावेज, नकदी, सोने के आभूषण और हवाला के जरिए देशभर में हुए कथित वित्तीय लेन-देन ने इस मामले को बेहद गंभीर बना दिया है। दुबई में संपत्तियों की जानकारी और रेड कॉर्नर नोटिस की प्रक्रिया ने जांच को अंतरराष्ट्रीय आयाम दे दिया है।
फिलहाल पुलिस की विवेचना जारी है। आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, वित्तीय लेन-देन और संपत्तियों के स्रोतों को लेकर कई अहम खुलासे होने की संभावना है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्रिकेट के नाम पर चल रहे इस कथित सट्टे के काले कारोबार की जड़ें आखिर कितनी गहरी हैं और इसके पीछे छिपे आर्थिक साम्राज्य के असली चेहरे कौन-कौन हैं…?

