औचक निरीक्षण के दौरान 7 अन्य दुकानदारों से भी वसूला जुर्माना…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर शहर की सफाई व्यवस्था में लापरवाही को लेकर नगर निगम ने अब सख्त रुख अपना लिया है। नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर सोमवार को जोन क्रमांक-04 के विभिन्न क्षेत्रों में अधिकारियों ने औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था की जमीनी हकीकत जांची। निरीक्षण के दौरान सफाई कार्य के लिए पर्याप्त कर्मचारी उपलब्ध नहीं कराने पर पंकज कंस्ट्रक्शन पर सीधे 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं सार्वजनिक स्थान पर कचरा फैलाने वाले सात दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 1,400 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
फील्ड में कर्मचारी गायब, ठेकेदार पर तत्काल कार्रवाई अपर आयुक्त खजांची कुम्हार एवं जोन आयुक्त अंकुर पांडेय के निरीक्षण के दौरान फील्ड में ठेका कर्मचारी निर्धारित संख्या में उपस्थित नहीं मिले। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए पंकज कंस्ट्रक्शन पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने ठेकेदार को पर्याप्त संख्या में श्रमिक उपलब्ध कराने तथा सभी क्षेत्रों में नियमित और गुणवत्तापूर्ण सफाई सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
खाली प्लाट और डस्टबिन व्यवस्था पर भी सख्ती-:
निरीक्षण के दौरान लायन सर्विसेस को शहर के खाली प्लाटों की सफाई कराने और वहां नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। वहीं रामकी कंपनी को सभी डस्टबिन की नियमित सफाई कराने के साथ मुख्य मार्गों पर अनावश्यक रूप से रखे डस्टबिन हटाने के निर्देश दिए गए। रात 10 बजे तक चलेगा विशेष कचरा संग्रहण
डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए श्रीकांत वर्मा रूट पर रात्रि 10 बजे तक विशेष रूप से कचरा संग्रहण वाहन चलाने के निर्देश दिए गए हैं। निगम ने स्पष्ट किया है कि कचरा संग्रहण वाहन उपलब्ध होने के बावजूद सड़क, खाली प्लाट या सार्वजनिक स्थान पर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ जुर्माने सहित नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विद्या नगर में 7 दुकानदारों पर कार्रवाई-:
निरीक्षण के दौरान विद्या नगर में सार्वजनिक स्थान पर कचरा फैलाने वाले सात दुकानदार निगम की कार्रवाई की जद में आए। सभी के खिलाफ जुर्माना लगाया गया और कुल 1,400 रुपये की राशि वसूली गई। निगम अधिकारियों ने दुकानदारों और नागरिकों से अपील की कि वे खुले में कचरा न फेंकें और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था में ही कचरा दें।

स्वच्छता व्यवस्था की निगरानी अब जिम्मेदारी के साथ शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए स्वास्थ्य विभाग, सभी जोन कमिश्नरों और सफाई ठेका एजेंसियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सभी जोन कमिश्नरों को अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई कार्यों की नियमित निगरानी और निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों, विशेषकर स्वच्छता निरीक्षकों को सफाई कार्य के क्रियान्वयन और मॉनिटरिंग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। सफाई एवं कचरा कलेक्शन एजेंसियों लायन सर्विसेस और रामकी को भी अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने को कहा गया है।
अपर आयुक्त खजांची कुम्हार ने स्पष्ट किया कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सफाई कार्य में लापरवाही करने वाले ठेकेदारों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

