चकरभाठा में 5 और सिरगिट्टी में 10 संचालकों के खिलाफ हुई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई…
सभी को न्यायालय में किया पेश…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] शहर और आसपास के थाना क्षेत्रों में संचालित अवैध कबाड़ दुकानों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने एक साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 कबाड़ दुकान संचालकों पर शिकंजा कसा है। चकरभाठा पुलिस ने जहां 5 कबाड़ संचालकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की, वहीं सिरगिट्टी पुलिस ने 10 संचालकों को कार्रवाई के दायरे में लेते हुए न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह द्वारा जिले में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा थाना क्षेत्रों में संचालित अवैध कबाड़ दुकानों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। निर्देश के पालन में संबंधित अधिकारियों के मार्गदर्शन में दोनों थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई।

चकरभाठा में 5 कबाड़ संचालकों पर कार्रवाई
चकरभाठा थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र में अवैध रूप से कबाड़ दुकान संचालित करने वाले 5 संचालकों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया।
कार्रवाई में बादशाह खान (55), शेख सलीम (34), विनोद नेताम (35), हरिकेश चौहान (32) और देवेश सिंह जोगी (32) शामिल हैं। पुलिस ने सभी के विरुद्ध नियमानुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चकरभाठा के नेतृत्व में की गई।

सिरगिट्टी में 10 अवैध कबाड़ संचालक पुलिस के निशाने पर:-
इसी क्रम में सिरगिट्टी थाना पुलिस ने भी थाना क्षेत्र में चल रही अवैध कबाड़ दुकानों के संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई की। पुलिस ने 10 कबाड़ दुकान संचालकों को तलब कर थाना लाया और अवैध रूप से कबाड़ दुकान संचालन के संबंध में सभी के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया।
सिरगिट्टी पुलिस की कार्रवाई में शेख तौसिफ (29), सैय्यद प्रिंस (35), अमित कश्यप (34), साहिल खान (25), अनुप डेविड (31), राजू चौहान (42), दीपेश कुमार साहू (20), अफजल हुसैन (44), मोहम्मद फिरोज (42) और मोहम्मद इमरान खान (41) शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि थाना क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध कबाड़ कारोबार सहित अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की निगरानी लगातार जारी रहेगी।
अपराध की सूचना पुलिस को देने की अपील
बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध या संदिग्ध गतिविधि अथवा अपराध की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित थाना अथवा डायल-112 को सूचना दें। पुलिस ने नागरिकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

