बारिश में हादसों पर लगाम के लिए दिन-रात कार्रवाई इस सीजन में 1860 घुमंतू मवेशी पकड़े गए…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] बारिश के मौसम में सड़कों पर बैठने और घूमने वाले मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नगर निगम बिलासपुर ने अभियान तेज कर दिया है। निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर अतिक्रमण शाखा की टीम शहर के प्रमुख मार्गों सहित हाईकोर्ट मार्ग और बाहरी क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत सोमवार को टीम ने अलग-अलग स्थानों से 47 घुमंतू मवेशियों को पकड़कर सुरक्षित गोठानों में पहुंचाया।
निगम की टीम द्वारा यह विशेष अभियान दिन के साथ-साथ रात में भी चलाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, इस सीजन में अब तक 1860 घुमंतू मवेशियों को पकड़ा जा चुका है। पकड़े गए मवेशियों को जैतपुरी, रहंगी गोधाम, मोपका और सिरगिट्टी गोठान में रखा गया है।

सड़कें होंगी पशु मुक्त, हादसों पर लगेगी लगाम-:
नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य शहर की सड़कों को मवेशियों से मुक्त करने के साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना और गोधन को सुरक्षित रखना है। बारिश के दौरान सड़क पर बैठे मवेशियों के कारण वाहन चालकों को विशेष परेशानी होती है। ऐसे में निगम की टीम संवेदनशील और व्यस्त मार्गों पर विशेष निगरानी रख रही है।

पशुपालकों को समझाइश, खुले में मवेशी छोड़े तो कार्रवाई-:
नगर निगम की टीम केवल मवेशियों को पकड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि पशुपालकों को भी अपने पालतू पशुओं को खुले में नहीं छोड़ने की समझाइश दी जा रही है। निगम ने स्पष्ट किया है कि सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर पशुधन छोड़ने वाले पशु मालिकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निगम के अनुसार, खुले में पशु छोड़ने वालों के खिलाफ नगरीय निकाय अधिनियम की धारा 358 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। समझाइश और जुर्माने के बावजूद बार-बार पशुओं को सड़क पर छोड़ने वाले पशु मालिकों के खिलाफ नियमानुसार अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

गोधन को बाहर न छोड़ें चारा-पानी की करें व्यवस्था-:
निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने गोधन को खुले में न छोड़ें। उन्होंने कहा कि पशुपालक अपने मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर रखें और उनके लिए चारा-पानी की समुचित व्यवस्था करें। सड़क पर मवेशियों को छोड़ने से न केवल यातायात प्रभावित होता है, बल्कि दुर्घटना की स्थिति भी निर्मित होती है। उन्होंने पशुपालकों से निगम के अभियान में सहयोग करने की अपील की है।

