1 तलवार और 5 चाकू बरामद गंभीर वारदात की आशंका के बीच सभी आरोपी जेल दाखिल…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] आधी रात हथियार लेकर घूम रहे बदमाशों पर सिरगिटटी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने विशेष अभियान और सरप्राइज चेकिंग के दौरान अलग-अलग स्थानों से 6 आरोपियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से एक तलवार और पांच चाकू बरामद किए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि ये लोग किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की तैयारी में घूम रहे थे।
मामले में उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने सिरगिटटी थाना क्षेत्र में गुंडा-बदमाशों तथा चाकूबाजी करने वालों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। निर्देश के बाद सिरगिटटी पुलिस ने देर रात थाना क्षेत्र के गणेश नगर, नयापारा, चुचुहियापारा, तिफरा सहित अन्य इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान पुलिस टीम ने करीब 40 से 50 संदिग्ध व्यक्तियों एवं गुंडा-बदमाशों की जांच की। चेकिंग के दौरान छह संदिग्धों के कब्जे से धारदार हथियार बरामद हुए। पुलिस ने मौके से एक तलवार और पांच चाकू जब्त कर सभी छह आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया।

ये आरोपी पकड़े गए:-
विकास सिंह (32) पिता बृजभार सिंह, निवासी कंचन विहार, थाना सिरगिटटी।
प्रमोद कुर्मी (26) पिता स्व. राजू कुर्मी, निवासी नयापारा, बिजली ऑफिस के पास, थाना सिरगिटटी।
अनिकेत नेताम (24) पिता भरत नेताम, निवासी गोंडवाना चौक, प्रकाश होटल के आगे, नयापारा, सिरगिटटी।
लक्की नेताम (22) पिता भरत नेताम, निवासी गोंडवाना चौक, प्रकाश होटल के आगे, नयापारा, सिरगिटटी।
राम नायक (18) पिता घासीनायक, निवासी दामाद मोहल्ला, सिलपहरी, थाना सिरगिटटी।
रोहित तांडी (34) पिता जयघर तांडी, निवासी महिमानगर, थाना सिरगिटटी।
फरार आरोपी भी पुलिस के कब्जे में
सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक अन्य गंभीर चोट प्रकरण में फरार आरोपी रोहित धुरी (36) पिता सुंदरलाल धुरी, निवासी बन्नाकडीह, थाना सिरगिटटी को भी पकड़कर थाने लाया।

हथियार बरामदगी के मामले में गिरफ्तार सभी छह आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों, नशाखोरी, चाकूबाजी और गुंडा-बदमाशों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

