सुहैल खान गुट के 17 और रामसिंह गुट के 3 आरोपी शामिल…
गिरफ्तारी के बाद आरोपियों का निकाला जुलूस- देखें वीडियो….
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर शुक्रवार रात शहर में हुए बवाल के बाद अब पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी है। पथराव, हिंसा और उपद्रव के मामले में हिस्ट्रीशीटर सुहैल खान समेत 20 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में पहुंच चुके हैं। इनमें सुहैल खान गुट के 17 और रामसिंह गुट के 3 आरोपी शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कट्टा, पिस्टल समेत अन्य हथियार भी बरामद किए हैं।
बवाल करने वालों पर पुलिस का शिकंजा
मामूली विवाद से शुरू हुआ घटनाक्रम देखते ही देखते हिंसक बवाल में बदल गया था। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने के बाद जमकर पथराव हुआ और इलाके में तनाव फैल गया। हालात संभालने पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े और बल प्रयोग करना पड़ा। घटना में दोनों पक्षों के कई लोगों के साथ पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे।
अब एक-एक आरोपी तक पहुंच रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने नामजद आरोपियों सहित 50 से ज्यादा लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामले में बलवा समेत गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे कैमरों के फुटेज के साथ सामने आए वीडियो को खंगालकर उपद्रव में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर रही है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपियों का पुलिस ने जुलूस भी निकाला। पुलिस की कार्रवाई को शहर में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के लिए कड़ा संदेश माना जा रहा है।
एसपी-कलेक्टर ने खुद संभाली कमान-:
बवाल की सूचना मिलते ही एसपी रजनीश सिंह और कलेक्टर संजय अग्रवाल मौके पर पहुंचे थे। देर रात तक अधिकारियों ने स्थिति की निगरानी की। संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और आवश्यकता के अनुसार दूसरे जिलों से भी अतिरिक्त बल बुलाया गया।

फिलहाल शहर में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस बल संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात है और अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं।
पुलिस का साफ संदेश है, शहर की शांति से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई रुकेगी नहीं। घटना में शामिल अन्य संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।

