3 सितंबर को नेहरू चौक से गांधी चौक तक निकलेगा भव्य शांति मार्च…
गूंजेगा भाईचारे का संदेश शांति समिति ने सभी समाजों से शामिल होने की अपील…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर में रक्षा बंधन की रात बवाल और पत्थरबाज़ी घटनाक्रम के बाद बिलासपुर में शांति सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह की मौजूदगी में आयोजित शांति समिति की बैठक में सर्वसम्मति से 3 सितंबर को शांति मार्च निकालने का निर्णय लिया गया। शांति मार्च के जरिए शहरवासियों को एकता, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया जाएगा।
शांति समिति की बैठक में विभिन्न समाज एवं समुदायों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और मीडिया प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में शहर की शांति एवं कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस के साथ नागरिकों के सक्रिय सहयोग को आवश्यक बताया गया।

नेहरू चौक से गांधी चौक तक निकलेगा मार्च
निर्णय के अनुसार 3 सितंबर को अपराह्न 4 बजे नेहरू चौक से शांति मार्च प्रारंभ होगा, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गांधी चौक पहुंचकर समाप्त होगा। समिति ने सभी समाज एवं समुदायों, सामाजिक संगठनों और शहरवासियों से बड़ी संख्या में मार्च में शामिल होकर शांति, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देने की अपील की है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा बिलासपुर की पहचान शांति और भाईचारा की पहचान हमेशा से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे वाले शहर के रूप में रही है। वर्तमान परिस्थितियों में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह संयम बनाए रखे और शहर के शांतिपूर्ण वातावरण को मजबूत करने में सहयोग करे।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और न ही उसे आगे प्रसारित करें। प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा और शहर में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पूरी तरह सजग है।
एसएसपी बोले- शांति बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी:-
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा कि शहर में अब शांति लौट आई है और स्थिति सामान्य है। शांति व्यवस्था बनाए रखने में नागरिकों और मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने सभी नागरिकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। एसएसपी ने कहा कि आगामी दिनों में तीज-त्योहारों का सिलसिला शुरू होने जा रहा है और शहर में विभिन्न आयोजन होंगे। ऐसे आयोजनों में शांति एवं अनुशासन बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने आयोजन समितियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि नशे की हालत में अथवा हथियार लेकर आने वाले किसी भी व्यक्ति को आयोजन में शामिल न किया जाए।

अफवाहों से बचें, विवाद की स्थिति में पुलिस को दें सूचना:-
एसएसपी रजनेश सिंह ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस अथवा प्रशासन को सूचना दें। उन्होंने कहा कि आपसी सहयोग, संयम और भाईचारे से ही बिलासपुर की शांति को स्थायी रूप से मजबूत किया जा सकता है।

बैठक में उपस्थित शांति समिति के सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों ने शहर में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। सदस्यों ने हालिया परिस्थितियों को बेहतर ढंग से संभालने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं एसएसपी रजनेश सिंह के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
बैठक में एडीएम शिवकुमार बनर्जी, एडिशनल एसपी पंकज पटेल, एसडीएम मनीष साहू सहित शांति समिति के सदस्य, विभिन्न समाज एवं संगठनों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

