उद्यान और मुक्तिधाम व्यापार विहार के दीनदयाल उपाध्याय उद्यान का होगा कायाकल्प मधुबन मुक्तिधाम में भी होंगे जीर्णोद्धार कार्य…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] शहर में नागरिक सुविधाओं के विस्तार और सार्वजनिक स्थलों को बेहतर स्वरूप देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने व्यापार विहार स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय उद्यान के 2 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत से होने वाले पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य तथा मधुबन मुक्तिधाम में 40 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित जीर्णोद्धार कार्य का भूमिपूजन कर शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि बिलासपुर को सुंदर, स्वच्छ, व्यवस्थित और सुविधायुक्त शहर बनाना प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में विकास योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है। शहर को प्रदेश के विकसित और आधुनिक शहर के रूप में आगे ले जाने के लिए लगातार नए विकास कार्य स्वीकृत किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि शहर के विकास का अर्थ केवल सड़क, नाली, पानी और भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को बेहतर और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए उद्यानों एवं सार्वजनिक स्थलों का विकास भी जरूरी है। इसी सोच के तहत व्यापार विहार के पंडित दीनदयाल उपाध्याय उद्यान का व्यापक पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।
विधायक ने कहा कि व्यापार विहार शहर का महत्वपूर्ण क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में नागरिकों का आवागमन रहता है। उद्यान के कायाकल्प के बाद यह क्षेत्र के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा। इससे बच्चों, बुजुर्गों और आम नागरिकों को बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए।

2.35 करोड़ से बदलेगी उद्यान की तस्वीर-:
व्यापार विहार स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय उद्यान में 2 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत से पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण के विभिन्न कार्य किए जाएंगे। इसके तहत हरित क्षेत्र का विकास, पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का सौंदर्यीकरण एवं नवीनीकरण, नाली निर्माण, प्रकाश व्यवस्था, वाटर हार्वेस्टिंग, नागरिक सुविधाओं का विस्तार, रंग-रोगन सहित अन्य सौंदर्यीकरण कार्य शामिल हैं। कार्य पूरा होने के बाद उद्यान को नागरिकों के लिए अधिक आकर्षक और सुविधाजनक बनाया जा सकेगा।

मधुबन मुक्तिधाम में 40 लाख से होगा जीर्णोद्धार-:
मधुबन मुक्तिधाम के जीर्णोद्धार कार्य को महत्वपूर्ण बताते हुए विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि मुक्तिधाम जैसे सार्वजनिक स्थलों पर सम्मानजनक और बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराना सामाजिक जिम्मेदारी है। 40 लाख रुपये की लागत से होने वाले जीर्णोद्धार कार्य से यहां आवश्यक सुविधाओं में सुधार होगा और नागरिकों को अधिक व्यवस्थित वातावरण मिल सकेगा।

उन्होंने अधिकारियों को दोनों विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को जल्द से जल्द इन सुविधाओं का लाभ मिल सके।

हर वार्ड तक विकास पहुंचाने का संकल्प महापौर:-
महापौर पूजा विधानी ने कहा कि बिलासपुर के सर्वांगीण विकास का संकल्प लिया गया है। शहर के प्रत्येक वार्ड और हर नागरिक तक विकास की सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। आने वाले समय में अधोसंरचना, स्वच्छता, हरियाली और नागरिक सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को और गति दी जाएगी।
कार्यक्रम में सभापति विनोद सोनी, पूर्व महापौर किशोर राय, एमआईसी सदस्य बंधुलाल मौर्य, जोन अध्यक्ष गणेश रजक, पार्षद ध्रुव कोरी, एल्डरमेन शेखर पाल, योगेश बोले सहित निगम के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

