मटकी फोड़ डांस प्रतियोगिता और रंगारंग कार्यक्रमों की होगी धूम…नई महिला मंडल कार्यकारिणी का होगा चुनाव निकलेगा भव्य जुलूस….
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर नामदेव समाज विकास परिषद एवं महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 12 सितंबर, शनिवार को भव्य तीज मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा। गोंड़पारा स्थित बजरंग अखाड़ा के पास सामुदायिक भवन में होने वाले इस आयोजन को लेकर समाज की महिलाओं और युवतियों में खासा उत्साह है। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
नामदेव समाज की महिलाओं और युवतियों को सांस्कृतिक प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देने के उद्देश्य से आयोजित इस समारोह में परंपरा, संस्कृति और मनोरंजन का खूबसूरत संगम देखने को मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान आकर्षक ‘तीज का ताज’ गेम, रोमांचक मटकी फोड़ प्रतियोगिता, एकल एवं सामूहिक डांस सहित विभिन्न मनोरंजक और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
प्रतियोगिताओं में समाज की महिलाएं और युवतियां उत्साहपूर्वक हिस्सा लेंगी। कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को शहर की महापौर द्वारा विशेष रूप से पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा। वहीं समारोह में शामिल होने वाले स्वजनों के लिए पारंपरिक एवं स्वादिष्ट व्यंजनों के दर्जनों स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
महिला मंडल को मिलेगा नया नेतृत्व, निकलेगा भव्य जुलूस-:
तीज मिलन समारोह के साथ ही महिला मंडल को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जाएगी। महिला मंडल के आगामी कार्यकाल के लिए नए पदाधिकारियों का चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत कराया जाएगा। नई कार्यकारिणी के चयन के बाद सामाजिक एकता, समरसता और सांस्कृतिक गौरव का संदेश देते हुए नगर में भव्य जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस में समाज की महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सज-धजकर ढोल-ताशों के साथ शामिल होंगी।
ठेठरी, खुरमी और फरा से महकेगा उत्सव
तीज मिलन समारोह में मनोरंजन के साथ खानपान का भी विशेष आकर्षण रहेगा। आयोजन स्थल पर पारंपरिक देशी व्यंजनों के साथ विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट पकवानों के स्टॉल सजाए जाएंगे। ठेठरी, खुरमी, फरा सहित पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद समारोह में आने वाले लोगों को छत्तीसगढ़ी संस्कृति और खानपान की समृद्ध विरासत से रूबरू कराएगा।
आयोजन समिति का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि नई पीढ़ी को समाज की संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता से जोड़ना भी है। तीज मिलन के माध्यम से महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ सामाजिक सहभागिता का अवसर मिलेगा।
तैयारी बैठक में पूजा श्रीवास्तव, छाया नामदेव, ज्योति नामदेव, आरती नामदेव, शशि नामदेव, रोशनी नामदेव, अनुराधा नामदेव, काजल नामदेव, प्रभा नामदेव, पूनम नामदेव सहित समाज की अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं। उन्होंने नामदेव समाज के सभी परिवारों से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम में सहभागिता करने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

