दुकानों के सामने व्यवस्थित पार्किंग पर दिया जोर…
सीसीटीवी का 10 दिन का बैकअप रखना अनिवार्य नाबालिगों को वाहन नहीं देने की समझाइश…!
मुंगेली-[जनहित न्यूज़]
मुंगेली शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में बुधवार को यातायात शाखा में व्यवसायियों, वाहन चालक संघ, ऑटो संघ एवं बस यूनियन के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में मुंगेली चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष राजकुमार वाधवा, गणमान्य व्यवसायी, ड्राइवर संघ अध्यक्ष महेश जायसवाल, ऑटो संघ अध्यक्ष गज्जू पात्रे, बस यूनियन के सदस्य तथा यातायात शाखा के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। व्यवसायियों और वाहन संघों ने यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने पर सहमति जताई।
10 दिन का सीसीटीवी बैकअप रखना होगा सुरक्षित:-
बैठक में तय किया गया कि शहर के सभी दुकानदार अपनी दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों का कम से कम 10 दिन का बैकअप सुरक्षित रखेंगे। कैमरों की दिशा इस प्रकार रखने पर जोर दिया गया, जिससे दुकान के साथ-साथ सड़क और आसपास की गतिविधियां भी स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हो सकें। पुलिस ने सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों और संकेतों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की।

भारी वाहनों की नो-एंट्री का होगा पालन:-
शहर में सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध के नियम का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर सहमति बनी। दुकानदारों को अपनी दुकानों के सामने वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग कराने तथा निर्धारित पीली और सफेद पट्टी के अंदर ही वाहन खड़े कराने के निर्देश दिए गए।
बस चालकों को निर्धारित स्थान पर ही यात्रियों को उतारने और बैठाने की हिदायत दी गई। साथ ही मालवाहक वाहनों में यात्रियों को नहीं बैठाने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा अभिभावकों को अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए वाहन नहीं देने की समझाइश दी गई।






साइबर ठगी से बचाव का भी दिया संदेश:-
बैठक के दौरान पुलिस द्वारा ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत व्यवसायियों, वाहन चालकों और आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल शिकायत करने की जानकारी दी गई।
अभियान के तहत मैं जागरूक हूं साइबर क्राइम से मुक्त हूं संदेश वाली सेल्फी स्टैंड के माध्यम से उपस्थित लोगों ने सेल्फी लेकर साइबर अपराध के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
गाय-बछड़ों से लेकर ऑटो पार्किंग तक उठे मुद्दे
बैठक में व्यवसायियों ने यातायात और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई सुझाव भी पुलिस के सामने रखे।
शहर के चौक-चौराहों पर बैठे गाय-बछड़ों को हटाने की व्यवस्था, ऑटो चालकों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल बनाने, जिला कलेक्टर कार्यालय के सामने पिछले दो माह से बंद प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त कराने, दाऊपारा चौक के पास यात्री प्रतीक्षालय बनाने तथा हाथ ठेला और फेरी वालों के लिए निर्धारित स्थान चिन्हित करने की मांग प्रमुख रही।
बैठक में उप निरीक्षक संतोष शर्मा, प्रभारी यातायात मुंगेली सहित यातायात शाखा के अधिकारी-कर्मचारी, व्यवसायी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

