धानमंडी रोड पर सड़क घेरकर रखी रेती-गिट्टी पर कार्रवाई…6 ट्रैक्टर निर्माण सामग्री जब्त दुकानदार पर भी जुर्माना…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] नगर निगम ने शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। सफाई कार्य में लापरवाही, कम श्रमिकों की उपस्थिति और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी मिलने पर निगम ने ठेकेदार और जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की। वहीं सड़क पर निर्माण सामग्री रखकर आवागमन बाधित करने वालों पर भी जुर्माना लगाया गया।
नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर अपर आयुक्त खजांची कुम्हार ने गुरुवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों और जोन में सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जोन क्रमांक 08 में निर्धारित संख्या से कम सफाई श्रमिक पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार संदीप राय पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
वहीं कार्यस्थल पर अनुपस्थित पाए जाने पर वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक पंकज ताँती तथा जोन क्रमांक 05 के वार्ड क्रमांक 34 के सुपरवाइजर दिनेश मंगरू का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। इसी तरह जोन क्रमांक 06 के वार्ड क्रमांक 38 में ड्यूटी के बावजूद गंदगी और कचरा पाए जाने पर सुपरवाइजर राकेश समुद्र एवं राकेश राही का भी एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए।
सड़क पर रेती-गिट्टी रखकर किया रास्ता बाधित, 6 ट्रैक्टर सामग्री जब्त-:
निरीक्षण के दौरान धानमंडी रोड पर सड़क पर रेती और गिट्टी रखकर आवागमन बाधित किए जाने का मामला सामने आया। निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए 4 ट्रैक्टर रेती और 2 ट्रैक्टर गिट्टी जब्त की। मामले में संबंधित लोचन चंद्रा पर 8 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
इसके अलावा कोनी क्षेत्र में सड़क पर कचरा फैलाने वाले दुकानदार अनीश गुप्ता के खिलाफ भी कार्रवाई की गई और 2 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

लापरवाही मिली तो आगे भी होगी कार्रवाई
अपर आयुक्त खजांची कुम्हार ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सफाई श्रमिकों की उपस्थिति, नियमित सफाई, कचरा उठाव और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि निगम का उद्देश्य बिलासपुर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाए रखना है। सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।
नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों औरव्यापारियों से अपील की है कि वे सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा या निर्माण सामग्री न रखें तथा शहर की स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में निगम का सहयोग करें।

