FSL स्निफर डॉग और CCTV बने अहम सुराग बजरंग कंस्ट्रक्शन की साइट पर मिला था चौकीदार का शव…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] चुचुहियापारा इलाके में बजरंग कंस्ट्रक्शन की रेलवे साइट पर चौकीदार की हत्या के मामले का बिलासपुर पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग आरोपी को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह मृतक और आरोपी के बीच रास्ते में पीछे चलने और पीछा करने को लेकर हुआ विवाद सामने आया है। कहासुनी के बाद गाली-गलौज हुई और विवाद ने ऐसा रूप लिया कि चौकीदार की जान चली गई।

सुबह मिली लाश, मौके पर पहुंची पुलिस टीम
पुलिस के मुताबिक सुबह रेलवे साइट पर चौकीदार के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की गई। FSL टीम और स्निफर डॉग को भी मौके पर बुलाया गया। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य सुरागों को पुलिस ने जांच का आधार बनाया।
CCTV में हथौड़े जैसी भारी वस्तु लेकर जाता दिखा संदिग्ध-:
जांच के दौरान आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज पुलिस के लिए महत्वपूर्ण कड़ी साबित हुई। फुटेज में एक व्यक्ति हाथ में हथौड़े जैसी भारी वस्तु लेकर घर के भीतर जाता हुआ दिखाई दिया। उसके अंदर जाने के बाद चीखने की आवाज सुनाई देने की बात भी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और घटनास्थल से मिले सुरागों को जोड़ते हुए संदिग्ध की पहचान की।
दो दिन पहले साइट पर आया था आरोपी
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी करीब दो दिन पहले रेलवे साइट पर पहुंचा था। इसी दौरान मृतक और उसके बीच रास्ते में पीछे चलने और पीछा करने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच गाली-गलौज हुई। पुलिस फिलहाल इसी विवाद को हत्या की मुख्य वजह मानकर आगे की जांच कर रही है।
चंद घंटों में आरोपी तक पहुंची पुलिस:-
FSL जांच, स्निफर डॉग, CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस टीम ने तेजी से जांच आगे बढ़ाई और वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर नाबालिग आरोपी तक पहुंच बनाई। आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
दो साल से बिलासपुर में रह रहा था मृतक
मृतक की पहचान नरेश कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। वह बिहार के आरा जिले के सोनभठा गांव के रहने वाले थे और करीब दो वर्षों से बिलासपुर में रह रहे थे। वे बजरंग कंस्ट्रक्शन के लिए सुपरवाइजर के साथ चौकीदारी का काम भी करते थे।
पुलिस अब हत्या की पूरी परिस्थितियों, वारदात में इस्तेमाल वस्तु और आरोपी की भूमिका से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

