राजा गुरु बालक दास जयंती की सामाजिक रैली से लेकर बाजार और गांवों तक चला जागरूकता अभियान OTP-PIN साझा न करने और 1930 पर तत्काल शिकायत करने की अपील…
मुंगेली-[जनहित न्यूज़]
मुंगेली छत्तीसगढ़ पुलिस के साइबर जागृति अभियान’ के तहत मुंगेली जिले में शुक्रवार को व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों ने सामाजिक आयोजनों, बाजारों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए।
जिला सिटी कोतवाली एवं साइबर सेल द्वारा राजा गुरु बालक दास जयंती के अवसर पर आयोजित सामाजिक रैली में शामिल लगभग 8 हजार नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस ने लोगों को फर्जी लिंक, संदिग्ध कॉल और मैसेज से सावधान रहने के साथ-साथ OTP, PIN, पासवर्ड और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की समझाइश दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर ठगी के मामलों में जालसाज अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने झांसे में लेते हैं। ऐसे में किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने संदिग्ध ऐप डाउनलोड करने अथवा बैंक संबंधी जानकारी साझा करने से पहले पूरी सावधानी बरतना जरूरी है। किसी भी प्रकार की ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।
बाजारों और गांवों में भी पहुंची पुलिस टीम
थाना पथरिया में थाना प्रभारी निरीक्षक पवन देवांगन ने साइबर जागृति अभियान के तहत करीब 150 से 200 लोगों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी। वहीं थाना सरगांव क्षेत्र में थाना प्रभारी अशोक यादव, प्रधान आरक्षक नवीन जांगड़े एवं भानु प्रकाश सहारे ने साप्ताहिक बाजार ग्राम बावली एवं ग्राम साँवा में आमजन को साइबर ठगी के प्रति सचेत किया।
थाना जरहागांव क्षेत्र के ग्राम दशरंगपुर बाजार में थाना प्रभारी उप निरीक्षक शोभा यादव ने लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए। इसी तरह थाना लोरमी परिसर में निरीक्षक अखिलेश कुमार वैष्णव, प्रधान उप निरीक्षक तेजकुमार मरकाम एवं राधिका यादव ने ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।





सतर्क रहें सुरक्षित रहें पुलिस की अपील मुंगेली पुलिस ने आमजन से अपील की कि वे अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, पासवर्ड, बैंक खाता संबंधी जानकारी या अन्य गोपनीय विवरण साझा न करें। संदिग्ध कॉल, मैसेज, लिंक या ऑनलाइन गतिविधि सामने आने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

पुलिस द्वारा बताया गया कि ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत स्कूलों, बाजारों, सामाजिक आयोजनों और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को डिजिटल तकनीक का सुरक्षित और सजग उपयोग करने के लिए जागरूक करना तथा साइबर ठगी के मामलों को रोकने में आमजन की भूमिका को मजबूत करना है।

