6 आरोपी गिरफ्तार रेलवे कर्मचारी से लूट और घर में घुसकर सोने के जेवर लूटने की वारदात शत- प्रतिशत माल बरामद…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर चेतना अभियान, नशे के खिलाफ अभियान एवं प्रहार अभियान के तहत कोटा पुलिस ने लूट और नकबजनी की वारदातों का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, सोने के आभूषण, वारदात में प्रयुक्त आर्टिका कार, एक मोटरसाइकिल और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों घटनाओं में लूटा गया माल शत-प्रतिशत बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार 8 जुलाई 2026 को बेलगहना रेलवे स्टेशन से 7,430 रुपये की कलेक्शन राशि लेकर जा रहे रेलवे कर्मचारी को बड़े बराबर मोड़ के पास सलका डैम क्षेत्र में अज्ञात आरोपियों ने निशाना बनाया था। आरोपियों ने कर्मचारी से बैग झपटकर उसे धक्का देकर गिरा दिया था। मामले में थाना कोटा में अपराध क्रमांक 559/2026 के तहत धारा 304(2), 3(5) बीएनएस में अपराध दर्ज किया गया था।

इसी तरह 18 जुलाई 2026 को कोटा क्षेत्र में एक घर में घुसकर आरोपियों ने मारपीट की और एयर गन दिखाकर सोने के आभूषण लूट लिए थे। आरोपियों ने बुर्का पहनकर वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में थाना कोटा में संबंधित धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल
विवेचना के दौरान घटनास्थल निरीक्षण, गवाहों के बयान और मुखबिर से मिली महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने दबिश देकर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में राकेश जायसवाल (35), दिव्यांशु जायसवाल (24), आदर्श तिवारी (26), हर्ष नामदेव (25), हर्ष सोनी (24) और सनी सिंह (35) सभी थाना कोटा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।


इस
राकेश निकला मास्टरमाइंड, रीवा से मंगाई पिस्टल:-
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि राकेश जायसवाल ने दोनों वारदातों की योजना बनाई थी। उसने अपने साथी दिव्यांशु जायसवाल और आदर्श तिवारी के साथ मिलकर घटनाओं को अंजाम देने की योजना बनाई। इसके बाद हथियार की व्यवस्था के लिए सनी सिंह से संपर्क किया गया। पुलिस के अनुसार सनी सिंह अपने साथियों को रीवा ले गया, जहां उसके भाई के माध्यम से पिस्टल उपलब्ध कराई गई।
पुलिस के मुताबिक दोनों घटनाओं को राकेश, आदर्श और दिव्यांशु ने मिलकर अंजाम दिया। लूटे गए सोने के आभूषणों को हर्ष नामदेव की मदद से हर्ष सोनी की ज्वेलरी दुकान पर बेचकर रकम प्राप्त की गई।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों से एक पिस्टल, सोने के आभूषण, घटना में प्रयुक्त आर्टिका कार क्रमांक CG 10 BL 1645, मोटरसाइकिल प्लेटिना क्रमांक CG 10 EN 4637 और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस टीम को एसएसपी ने किया पुरस्कृत
पूरी कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, सहायक उप निरीक्षक शिव कुमार साहू, भरत राठौर, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, आरक्षक धर्मेंद्र साहू एवं संजय श्याम सहित थाना कोटा स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्रवाई की सफलता पर एसएसपी रजनेश सिंह ने पुलिस टीम के कार्य की सराहना करते हुए नगद इनाम की घोषणा की है।

