अंबेडकर प्रतिमा मामले में अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज CCTV से आरोपी की तलाश हुई तेज…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर शहर में राष्ट्र गौरव और महापुरुषों की प्रतिमाओं के सम्मान से जुड़ी घटना को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना सिविल लाइन में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरजेश स्कूल के समीप स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ आपत्तिजनक छेड़छाड़ की सूचना मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया। शिकायतकर्ता के आवेदन पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 1215/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 298 एवं 299 में मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले की जांच के दौरान पुलिस द्वारा घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से परीक्षण किया जा रहा है। शहर की अन्य प्रमुख प्रतिमाओं के आसपास लगे कैमरों के फुटेज भी खंगाले गए हैं। प्रारंभिक जांच में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत होने वाली महिला द्वारा इस प्रकार की गतिविधि किए जाने के संकेत मिले हैं। पुलिस संबंधित महिला की पहचान और तलाश में जुटी है।
हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही घटना के संबंध में अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी। तथ्यों के आधार पर आगे आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा…
महापुरुषों के सम्मान से खिलवाड़ स्वीकार नहीं
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रपुरुषों और महापुरुषों की प्रतिमाएं हमारी सामाजिक एवं राष्ट्रीय भावनाओं से जुड़ी हैं। इनके सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस एवं संबंधित अधिकारियों को मामले की गंभीरता से जांच करते हुए दोषी की पहचान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने शहरवासियों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस या प्रशासन को देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

