अब तक 26 हिरासत में फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] खपरगंज में हुए बवाल के मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। पुलिस ने मामले में चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन गिरफ्तारियों के साथ ही अब तक पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है। वहीं, मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस ने जिन चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें अक्षय सिंह, अभय शर्मा उर्फ जीनू, मोहनिश गोस्वामी उर्फ सोनू और सतानंद साहू शामिल हैं। पुलिस के अनुसार अक्षय सिंह, मोहनिश गोस्वामी और सतानंद साहू घटना की शुरुआत के दौरान मौके पर मौजूद थे। विवाद बढ़ने के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई थी।
ये चार आरोपी गिरफ्तार:-
- अक्षय सिंह (28) पिता अजीत सिंह, निवासी यदुनंदन नगर गौर कॉलोनी, तिफरा, थाना सिरगिट्टी।
- अभय शर्मा उर्फ जीनू (26) पिता प्रमोद शर्मा, निवासी यदुनंदन नगर गौर कॉलोनी, तिफरा, थाना सिरगिट्टी।
- मोहनिश गोस्वामी उर्फ सोनू (21) पिता राजेश गोस्वामी, निवासी टिकरापारा, शिव टॉकीज चौक के पास, थाना सिटी कोतवाली।
- सतानंद साहू (25) पिता पिल्लू साहू, निवासी तिफरा भगत सिंह आजाद नगर, थाना सिरगिट्टी।
26 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में, फरारों की तलाश जारी
चार और गिरफ्तारियों के बाद खपरगंज बवाल मामले में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की संख्या 26 पहुंच गई है। वहीं, रामसिंह समेत अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी की भूमिका की जांच की जा रही है।
नेहरू चौक से कोर्ट तक भारी पुलिस सुरक्षा गिरफ्तार आरोपियों को शनिवार को भारी पुलिस सुरक्षा के बीच नेहरू चौक से जिला न्यायालय ले जाया गया। आरोपियों को कोर्ट ले जाते समय पूरे रास्ते में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए एएसपी, सीएसपी समेत पुलिस के कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
खपरगंज की घटना के बाद पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जांच अभी जारी है और घटना से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।

