एसएसपी रजनेश सिंह बोले…
सत्यापन के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई…मुर्शिदाबाद जंगीपुर तक खंगाले ठिकाने 23 को रायपुर डिटेंशन सेंटर भेजा…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर में बिना वैध दस्तावेजों के रह रहे संदिग्ध लोगों की पहचान को लेकर पुलिस के अभियान में बड़ा खुलासा सामने आया है। सिरगिट्टी क्षेत्र में रह रहे 23 संदिग्धों के दस्तावेजों में पश्चिम बंगाल के पते दर्ज मिले, लेकिन जब इन पतों की हकीकत जानने बिलासपुर पुलिस की टीम पश्चिम बंगाल पहुंची तो कई पते मौके पर सही नहीं पाए गए। इसके बाद पुलिस ने सभी 23 संदिग्धों को रायपुर स्थित होल्डिंग/डिटेंशन सेंटर भेज दिया है।
राज्य शासन के निर्देश पर बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह ने संदिग्ध लोगों की पहचान और दस्तावेजों के सत्यापन के लिए विशेष टास्क फोर्स गठित की है। टीम ने सिरगिट्टी क्षेत्र में रह रहे ऐसे लोगों की जानकारी जुटाई, जिनकी पहचान और दस्तावेजों को लेकर संदेह सामने आया था। दस्तावेजों में पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और आसपास के क्षेत्रों के पते दर्ज थे।
कागजों में पता कुछ और, जमीन पर हकीकत कुछ और…!
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर पुलिस की विशेष टीम मुर्शिदाबाद और जंगीपुर पहुंची। टीम ने संबंधित स्थानीय पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों से संपर्क किया। दस्तावेजों में दर्ज पतों की जानकारी स्थानीय स्तर पर जुटाई गई और संबंधित व्यक्तियों के संबंध में भी सत्यापन कराया गया।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान कई पते वास्तविकता से मेल नहीं खाते पाए गए। इससे इन लोगों के दस्तावेजों और पहचान को लेकर पुलिस का संदेह और गहरा गया। अब रायपुर के होल्डिंग/डिटेंशन सेंटर में इनके दस्तावेजों और पहचान का आगे सत्यापन किया जाएगा।
क्या ये बांग्लादेशी घुसपैठिए हैं? जांच के बाद होगा खुलासा:-

पुलिस की कार्रवाई में सामने आए 23 लोगों की पहचान और नागरिकता को लेकर अभी जांच जारी है। इनमें से कौन भारतीय नागरिक है और किसके दस्तावेज संदिग्ध हैं, इसका अंतिम निर्धारण दस्तावेजी एवं आधिकारिक सत्यापन के बाद ही होगा। पुलिस इसी आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई करेगी।

23 संदिग्धों में ये नाम शामिल:-
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई की जद में आए लोगों में सीव मंडल, सफीकुल इस्लाम, इजामुल शेख, नशीतुल शेख, सेलटू शेख, साजिद शेख, असगर शेख, नसीरुद्दीन शेख, लालटू शेख, मतीन शेख, मुस्तकीम शेख, मुशिकुल खां, इस्लाम शेख, सफीकुल आलम, जोसीम हक, राहुल खान, आलाउद्दीन शेख, सनियुल शेख, मुकीम शेख, किरन शेख, ईजाजुल शेख, इब्राहिम शेख और बुद्धु शेख शामिल हैं।
पश्चिम बंगाल के इन इलाकों से जुड़े मिले पते
पुलिस के मुताबिक दस्तावेजों में मुर्शिदाबाद जिले के रघुनाथगंज, सुती, समसेरगंज सहित आसपास के क्षेत्रों के पते दर्ज थे। इन्हीं पतों की वास्तविकता जांचने के लिए पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल जाकर स्थानीय पुलिस के साथ सत्यापन किया।

पुलिस ने जारी किया टोल-फ्री नंबर:-
पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों अथवा बिना वैध दस्तावेजों के रह रहे लोगों की जानकारी देने के लिए 1800-233-1905 टोल-फ्री नंबर जारी किया है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी होने पर कानून हाथ में लेने के बजाय सीधे पुलिस को सूचना दें।
एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि जिन संदिग्ध व्यक्तियों के दस्तावेजों में पश्चिम बंगाल के पते दर्ज थे, उनके सत्यापन के लिए पुलिस टीम संबंधित स्थानों पर गई थी। मौके पर जांच के दौरान कई पते सही नहीं पाए गए। इसी प्रक्रिया के तहत 23 लोगों को रायपुर होल्डिंग-डिटेंशन सेंटर भेजा गया है। सत्यापन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पूरी सूची…👇



