सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन पड़ा भारी दोनों के कब्जे से दो धारदार चाकू बरामद…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] सोशल मीडिया पर चाकू लहराकर डांस करने का वीडियो वायरल करना दो युवकों को भारी पड़ गया। वीडियो सामने आते ही सकरी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो धारदार चाकू बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
थाना सकरी पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के Youth Times Digital Media पर दो युवकों का चाकू लहराते हुए डांस करने का वीडियो सामने आया। वीडियो की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी सकरी ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में थाना सकरी पुलिस ने टीम गठित कर वीडियो में नजर आ रहे युवकों की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने वीडियो के आधार पर दोनों युवकों की पहचान सुनील पाल उर्फ बुट्टी (20 वर्ष), निवासी बजरंग मोहल्ला वार्ड नंबर 01, सकरी और ओम प्रकाश साकर उर्फ बिट्टू (20 वर्ष), निवासी बंधवापारा, सकरी के रूप में की। पुलिस ने दोनों को पकड़कर वायरल वीडियो में चाकू लहराने के संबंध में पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों ने चाकू लहराने की बात स्वीकार की।

मामले में आरोपियों का कृत्य धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत पाए जाने पर थाना सकरी में अपराध क्रमांक 822/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 02 नग धारदार चाकू जब्त किए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ पुलिस की इस कार्रवाई को सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

