एक ही आरोपी ने तीन दिन के अंतराल में स्कूटी और बाइक को किया आग के हवाले…
पूछताछ में दोनों घटनाओं का जुर्म कबूला…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर सरकंडा थाना क्षेत्र में खड़ी गाड़ियों को आग के हवाले करने और दहशत फैलाने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने महज तीन दिन के अंतराल में दो अलग-अलग घटनाओं को अंजाम दिया था। पुलिस पूछताछ में उसने दोनों वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार पहला मामला अपराध क्रमांक 1288/2026, धारा 326(g) BNS से संबंधित है। 10 सितंबर 2026 की रात करीब 12 बजे से 3 बजे के बीच सूर्या चौक चिंगराजपारा स्थित द्वारका प्रसाद यादव के किराए के मकान में खड़ी गौरी देवांगन की स्कूटी क्रमांक CG 10 BE 3159 में अज्ञात व्यक्ति ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। आग से स्कूटी और उसमें रखा अन्य सामान पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया था। घटना के बाद सरकंडा पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
दूसरी वारदात अपराध क्रमांक 1320/2026, धारा 119(1), 296, 351(2), 326(f) BNS के तहत दर्ज की गई। 13 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे बंधवापारा निवासी नफीस खान से आरोपी ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद नफीस खान की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 EE 7267 को चोरी कर भंडारी प्लांट रोड के पास ले गया और उसमें आग लगा दी।
मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों से पहुंची पुलिस आरोपी तक लगातार हुई दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच तेज की। मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदेही महेश कुमार साहू उर्फ भोला साहू उर्फ गजनी उर्फ पेचकस, पिता मुन्ना लाल साहू, उम्र 29 वर्ष, निवासी भंडारी प्लांट, बंधवापारा, सरकंडा, बिलासपुर को हिरासत में लिया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने दोनों घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। उसके मेमोरेंडम कथन के मुताबिक उसने 13 सितंबर की रात नफीस खान की मोटरसाइकिल चोरी कर उसे आग के हवाले किया था। वहीं इससे पहले 10 सितंबर को सूर्या चौक चिंगराजपारा में गौरी देवांगन की स्कूटी पर बोतल से पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी।
अपराध की पुष्टि के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया। दोनों प्रकरणों में अपराध अजमानतीय होने के कारण आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में की गई।

