कन्वेंशन सेंटर और ई-बस टर्मिनल का काम 20 नवंबर तक पूरा करने की डेडलाइन गुणवत्ता से समझौता नहीं देरी पर होगी कार्रवाई…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] शहर में जारी विकास कार्यों की रफ्तार और गुणवत्ता परखने निकले नगर निगम कमिश्नर एवं स्मार्ट सिटी के एमडी प्रकाश कुमार सर्वे ने निर्माण कार्यों में देरी पर कड़ा रुख अपनाया है। उस्लापुर के हाफा रोड स्थित चौराहे पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापना एवं स्थल विकास कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित सब इंजीनियर हितेश मक्कड़ और ठेकेदार जितेंद्र सोनी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि सभी निर्माण कार्य तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। लेटलतीफी बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

50 लाख के कार्य में देरी पर जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर सर्वे ने उस्लापुर के हाफा रोड स्थित चौराहे पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापना और स्थल विकास के लिए प्रस्तावित लगभग 50 लाख रुपये की लागत वाले कार्य की प्रगति देखी। कार्य की धीमी गति पर असंतोष जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। सब इंजीनियर और ठेकेदार को नोटिस जारी करने की कार्रवाई इसी के तहत की जाएगी।
पीएम आवास और एसटीपी का भी लिया जायजा-:
कमिश्नर ने सकरी में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन एएचपी आवासों का निरीक्षण किया। यहां पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुसार सुधार कार्यों और फिनिशिंग की स्थिति देखी। उन्होंने शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया।

इसके बाद मंगला में निर्माणाधीन 10 एमएलडी क्षमता के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को बाकी कार्यों में तेजी लाने और परियोजना को जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित सड़क निर्माण कार्य भी शीघ्र प्रारंभ करने को कहा।
कन्वेंशन सेंटर के लिए 20 नवंबर की समयसीमा-:
कोनी स्थित निर्माणाधीन कन्वेंशन सेंटर का निरीक्षण करते हुए कमिश्नर ने निर्माण की प्रगति का जायजा लिया। परियोजना का काम अंतिम चरण में है। उन्होंने फिनिशिंग सहित सभी शेष कार्यों को 20 नवंबर तक पूरा करने के निर्देश अधिकारियों और ठेकेदार को दिए। उन्होंने समयसीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
ई-बस टर्मिनल और चार्जिंग स्टेशन का 80 प्रतिशत काम पूरा पीएम ई-बस सेवा के तहत कोनी स्थित सिटी बस डिपो में विकसित किए जा रहे बस टर्मिनल कॉम्प्लेक्स, सब-स्टेशन और चार्जिंग स्टेशन का भी कमिश्नर ने निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए बसों के लिए बनाए गए स्टॉप को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
बिलासपुर के लिए प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के अंतर्गत कुल 50 वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसें स्वीकृत हैं। इनमें 9 मीटर लंबाई की 35 और 7 मीटर लंबाई की 15 बसें शामिल हैं। इनके संचालन के लिए आवश्यक टर्मिनल कॉम्प्लेक्स, सब-स्टेशन और चार्जिंग स्टेशन के निर्माण हेतु कुल 11 करोड़ 45 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इसमें सिविल अधोसंरचना के लिए 8 करोड़ 37 लाख रुपये, सब-स्टेशन के लिए 1 करोड़ 59 लाख रुपये और उच्चदाब विद्युत कनेक्शन के लिए 1 करोड़ 49 लाख रुपये का प्रावधान है।
वर्तमान में सिविल अधोसंरचना और सब-स्टेशन निर्माण का लगभग 80-80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। उच्चदाब विद्युत कनेक्शन से संबंधित अधोसंरचना का निर्माण सी एसपीडीसी एल द्वारा किया जाएगा। कमिश्नर ने संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर सभी शेष कार्यों को गति देने और 20 नवंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए।
एजुकेशन सिटी में नालंदा परिसर और एकेडमिक ब्लॉक का निरीक्षण

निरीक्षण के अंतिम चरण में कमिश्नर सर्वे मधुबन पहुंचे, जहां निर्माणाधीन एजुकेशन सिटी के अंतर्गत नालंदा परिसर और एकेडमिक ब्लॉक के कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदार को निर्देशित किया कि निर्माण में गुणवत्ता के मानकों का पूरा ध्यान रखा जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर काम पूरा किया जाए।
कमिश्नर के इस निरीक्षण का मुख्य संदेश स्पष्ट रहा शहर के विकास कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्माण की गुणवत्ता, समयसीमा और अधिकारियों की जवाबदेही पर विशेष ध्यान देते हुए सभी परियोजनाओं को जल्द पूरा करना होगा।

