बच्चों को मिठाई-पटाखे कॉपी-पेन देकर बांटी दीपावली की खुशियां स्वास्थ्य परीक्षण साइबर सुरक्षा और ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा भी पहुंची गांव की चौखट तक…!
मुंगेली-[जनहित न्यूज़] वर्दी का रिश्ता केवल कानून और अपराध तक सीमित नहीं होता, बल्कि जब यही वर्दी किसी मासूम के चेहरे पर मुस्कान बनकर खिलती है, किसी जरूरतमंद के लिए सहारा बनती है और दूरस्थ गांवों तक सेवा की रोशनी पहुंचाती है, तब पुलिस का मानवीय चेहरा समाज के सामने एक मिसाल बनकर उभरता है। मुंगेली जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल की ऐसी ही

संवेदनशील और सराहनीय पहल देखने को मिली, जहां अचानकमार टाइगर रिजर्व के दुर्गम वनांचल ग्राम जमुनाही में पुलिस का विशेष अभियान ‘पहल-बदलाव की शुरुआत, सुरक्षा के साथ’ सिर्फ जागरूकता कार्यक्रम बनकर नहीं रहा, बल्कि ग्रामीणों के जीवन में खुशियों, विश्वास और उम्मीद की नई रोशनी लेकर पहुंचा।
दीपावली के पावन पर्व पर पुलिस की टीम जब वनांचल के इस दूरस्थ गांव पहुंची तो वहां का माहौल ही बदल गया। लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं और शहर की चकाचौंध से दूर रहने वाले ग्रामीणों के बीच पुलिस अधिकारियों और जवानों ने अपनत्व के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। गांव के बच्चों को मिठाई, पटाखे, कॉपी और पेन वितरित किए गए।

उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान और उनकी आंखों में झलकी खुशी इस आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धि रही। दीपावली की खुशियां उन घरों तक पहुंचीं, जहां शायद त्योहार की रौनक सीमित संसाधनों के कारण फीकी रह जाती है।
त्योहार के साथ स्वास्थ्य और सुरक्षा का भी रखा ध्यान-:
इस अभियान की विशेषता यह रही कि पुलिस ने केवल दीपावली की खुशियां बांटने तक अपनी जिम्मेदारी सीमित नहीं रखी, बल्कि ग्रामीणों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई। ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी सलाह दी गई। इसके साथ ही साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे को देखते हुए लोगों को ऑनलाइन ठगी, अनजान लिंक, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने और डिजिटल धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए गए।

पुलिस टीम ने ग्रामीणों को समझाया कि थोड़ी सी सतर्कता से साइबर अपराधियों के जाल में फंसने से बचा जा सकता है। खासकर मोबाइल और ऑनलाइन लेन-देन का इस्तेमाल करने वाले लोगों को जागरूक रहने की सलाह दी गई।
गांव की चौखट तक पहुंची ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा-:

अभियान के दौरान ग्रामीणों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया। ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित सुविधा उपलब्ध कराकर ग्रामीणों को अनावश्यक परेशानी और दूर-दराज के चक्कर लगाने से राहत देने का प्रयास किया गया। इससे स्पष्ट हुआ कि पुलिस की यह पहल केवल सुरक्षा व्यवस्था तक सीमित नहीं, बल्कि ग्रामीणों को शासन-प्रशासन की सुविधाओं से जोड़ने का भी एक सार्थक प्रयास है।
दूरियां मिटाकर पुलिस ने जीता ग्रामीणों का विश्वास-:
अचानकमार टाइगर रिजर्व के दुर्गम वनांचल में बसे जमुनाही जैसे गांवों तक पहुंचना अपने आप में चुनौतीपूर्ण है, लेकिन पुलिस ने इस चुनौती को सेवा और संवेदनशीलता के अवसर में बदल दिया। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने ग्रामीणों के साथ आत्मीय संवाद किया, उनकी समस्याओं और जरूरतों को समझा तथा उन्हें भरोसा दिलाया कि पुलिस उनके सुख-दुख में सहभागी है।

एसएसपी भोजराम पटेल की इस पहल ने यह संदेश दिया कि पुलिसिंग का वास्तविक उद्देश्य केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुरक्षा, सहयोग और विश्वास पहुंचाना भी है।
‘पहल’ से बदलाव की नई उम्मीद-:
एसएसपी भोजराम पटेल के नेतृत्व में संचालित ‘पहल-बदलाव की शुरुआत, सुरक्षा के साथ’ अभियान पुलिस और जनता के बीच विश्वास की मजबूत कड़ी बनता नजर आ रहा है। दीपावली के अवसर पर जमुनाही में आयोजित यह कार्यक्रम इस बात का प्रमाण बना कि संवेदनशील सोच और सेवा का संकल्प हो तो वर्दी भी खुशियों का सबसे बड़ा माध्यम बन सकती है।

वनांचल के बच्चों के लिए मिठाई और पटाखे महज उपहार नहीं थे, बल्कि यह एहसास था कि समाज और पुलिस उनके साथ खड़ी है। कॉपी-पेन ने शिक्षा के प्रति प्रोत्साहन दिया तो स्वास्थ्य परीक्षण और साइबर जागरूकता ने सुरक्षा का भरोसा बढ़ाया।
निस्संदेह, जमुनाही में मनाई गई यह दीपावली लंबे समय तक ग्रामीणों के दिलों में यादगार रहेगी। एसएसपी भोजराम पटेल की यह मानवीय पहल बताती है कि जब पुलिस की वर्दी में संवेदना, सेवा और समर्पण का भाव जुड़ता है, तब कानून की सख्ती के साथ इंसानियत की मिठास भी समाज तक पहुंचती है।

इस कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीकेश गुप्ता, डीपीएम डॉ. गिरीश कुर्रे, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. जी.एस. दाऊ, डॉ. शैलेन्द्र पांडेय, उप पुलिस अधीक्षक बाजी सिंह सहित पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग व परिवहन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


