11.73 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़े गए पेडलर से पूछताछ में खुला अंतरराज्यीय नेटवर्क का राज ACCU और सकरी पुलिस की संयुक्त टीम की कार्रवाई…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] बिलासपुर में नशे के अवैध कारोबार की जड़ तक पहुंचने के लिए पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। शहर में हेरोइन (चिट्टा) की सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए बिलासपुर पुलिस ने पंजाब के अमृतसर से इसके कथित मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के कारोबार की पूरी सप्लाई चेन ध्वस्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत ACCU बिलासपुर और सकरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ से मिले इनपुट के आधार पर अमृतसर (पंजाब) में दबिश देकर रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू (40 वर्ष), निवासी महेंद्रा एवेन्यू, सुल्तान विंड, अमृतसर को गिरफ्तार किया है। आरोपी को बिलासपुर लाकर वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
एक पेडलर की गिरफ्तारी से खुली पंजाब तक फैले नेटवर्क की परतें-:
इस पूरे मामले की शुरुआत 24 अक्टूबर 2025 को हुई थी, जब बिलासपुर पुलिस ने सकरी थाना क्षेत्र के उसलापुर बाजार के पास कार्रवाई करते हुए दीपक वालिया (32 वर्ष), निवासी अमृतसर एवं हाल मुकाम उसलापुर, बिलासपुर को पकड़ा था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 11.73 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), जिसकी कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई, तथा 10,500 रुपये नकद जब्त किए गए थे। आरोपी के खिलाफ थाना सकरी में NDPS एक्ट की धारा 21, 22 और 29 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।
पूछताछ और तकनीकी जांच ने पहुंचाया मुख्य सप्लायर तक-:

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार पेडलर दीपक वालिया से पूछताछ और बिलासपुर साइबर सेल से प्राप्त तकनीकी इनपुट के आधार पर नशे की सप्लाई के पीछे सक्रिय बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि बिलासपुर में खपाई जा रही हेरोइन का प्रमुख सप्लाई लिंक अमृतसर निवासी रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू से जुड़ा हुआ है।
इसके बाद एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर ACCU और सकरी थाना पुलिस की विशेष टीम पंजाब रवाना की गई। स्थानीय पुलिस के सहयोग से अमृतसर में घेराबंदी कर कथित मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और नशे की सप्लाई के पूरे तंत्र की पड़ताल कर रही है।
नशे के कारोबारियों को पुलिस की दो टूक चेतावनी-:
इस बड़ी कार्रवाई में ACCU प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, सकरी थाना प्रभारी निरीक्षक संजय शिंदे, एएसआई सुरेंद्र तिवारी, राजेश्वरधर दीवान तथा ACCU के आरक्षक राकेश यादव एवं रमेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अब केवल नशा बेचने वाले छोटे पेडलरों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि एंड-टू-एंड विवेचना के जरिए सप्लायर से लेकर स्थानीय विक्रेताओं तक पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़कर उसे ध्वस्त करेगी।
चिट्टे के कारोबार पर पंजाब तक पहुंची बिलासपुर पुलिस की कार्रवाई ने नशे के सौदागरों को साफ चेतावनी दे दी है कि कानून के शिकंजे से बचना अब आसान नहीं होगा।

